इंदौर। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ कल यानी 15 नवंबर को इंदौर में कार्यक्रम कर गए। इसमें उन्होंने कुछ गानों पर लगे प्रतिबंध पर नाराजगी जाहिर की और खुलेआम शासन-प्रशासन को चुनौती दे गए। उन्होंने इंदौर के मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर के बहाने कह डाला कि किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है। बताया तो यहां तक जा रहा है कि उन्होंने कुछ प्रतिबंधित गाने भी गा दिए।
‘ना तो हम पहले डरे और ना डरते हैं आज’
दिलजीत दोसांझ ने अपने लाइव कॉन्सर्ट की शुरुआत दर्शकों से ‘जय श्री महाकाल’ का नारा लगवाने के साथ की.मंच पर दिलजीत ने कहा, “ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते। देखो, ये महाकाल की धरती है और यहां आने से हमें कोई रोक नहीं सकता। ना तो हम पहले डरे और ना डरते हैं आज। जय श्री महाकाल।
👉 यह भी पढ़ें:
- दिलजीत दोसांझ के शो पर विवाद : निगम का पिछला बकाया बाकी, फिर भी आयोजन, कार्यक्रम स्थल को लेकर भी उठ रहे सवाल
- ED का बड़ा एक्शन! फर्जी ITC मामले में यूपी-हरियाणा के 9 ठिकानों पर छापेमारी, ₹19.91 करोड़ के लेनदेन की जांच
- गुजरात में ‘नकली सरकारी दफ्तर’ का बड़ा घोटाला! 121 फर्जी काम, 22.70 करोड़ की संपत्ति पर ED का शिकंजा
- Diljit Dosanjh की ‘Satluj (Punjab 95)’ OTT से अचानक हटाई गई! ZEE5 के फैसले से मचा बवाल, आखिर भारत में क्यों नहीं देख पाएंगे दर्शक?
- ईडी ने लगाया ममता बनर्जी पर सबूत मिटाने का आरोप, हाईकोर्ट पहुंची एजेंसी, रेड के दौरान फाइल लेकर भागीं
- कोलकाता में ईडी की रेड, मौके पर पहुंचीं ममता बनर्जी ने अमित शाह पर साधा निशाना, कहा-उनकी पार्टी के डॉक्यूमेंट्स जब्त कर रहे हैं अधिकारी
‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’
दिलजीत ने दिवंगत उर्दू शायर राहत इंदौरी की मशहूर गजल की कुछ पंक्तियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा- हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जबान थोड़ी है। अगर खिलाफ़ है, होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है, कोई आसमां थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।
विवादित गीत भी गाने की चर्चा
कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत के चार गानों- ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ को लेकर विवाद हुआ था। इन गानों पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया था। बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इनमें से कुछ गाने भी गाए।
आखिर किस पर निकाला दिलजीत ने गुस्सा?
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इंदौर आने से रोकने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन उन्होंने अपने प्रशंसकों से किया वादा निभाया। उन्होंने कहा कि जब वह किसी से आने का वादा कर लेते हैं तो पीछे नहीं हटते। दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले सबसे बड़ा विवाद उनके चार लोकप्रिय गानों को लेकर हुआ था। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने कार्यक्रम स्थल के प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को नहीं बजाने के निर्देश दिए थे। जाहिर है दिलजीत ने मंच से शासन-प्रशासन को खुलेआम चुनौती दी।
चुनौती के बाद भी पुलिस-प्रशासन चुप
दिलजीत इंदौर में खुलेआम पुलिस-प्रशासन को चुनौती दे गए, इसके बाद भी चुप्पी बरकरार है। आखिर क्या मजबूरी है कि दिलजीत दोसांझ, उनके कार्यक्रम के आयोजक तथा आयोजन में इंदौरी सहयोगियों पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा। कायदे से इन सब पर FIR होनी चाहिए. इस तरह तो नियम-कानून को कोई भी चुनौती दे जाएगा।
2024 में भी इंदौर में हुआ था विरोध
दिलजीत दोसांझ का इंदौर से विवाद कोई पहली बार नहीं जुड़ा है। दिसंबर 2024 में उनके दिल-लुमिनाटी टूर के दौरान भी इंदौर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कार्यक्रम में शराब और मांसाहारी भोजन के स्टॉल लगाए जाने का विरोध किया था। कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी इस पर आपत्ति जताई थी। विरोध के बाद कार्यक्रम स्थल से शराब और नॉनवेज के स्टॉल तथा उनसे जुड़े विज्ञापन हटाए जाने की खबरें आई थीं।
रिलीज के दो दिन बाद हटी थी ‘सतलुज’
दिलजीत दोसांझ से जुड़ा सबसे गंभीर और संवेदनशील विवाद उनकी फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर है। इस फिल्म का मूल नाम ‘पंजाब 95’ था। इसका निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है और इसमें दिलजीत ने मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की भूमिका निभाई है। फिल्म 2022 में सेंसर बोर्ड के पास प्रमाणन के लिए पहुंची थी। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म में 127 कट लगाने और शीर्षक बदलने जैसे सुझाव दिए थे। फिल्म के निर्माता इन बदलावों से सहमत नहीं हुए। इसके बाद फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज वर्षों तक अटकी रही। 3 जुलाई 2026 को फिल्म नए नाम ‘सतलुज’ के साथ ZEE5 पर बिना उन प्रस्तावित कट्स के रिलीज हुई। जब विवाद हुआ तो 5 जुलाई को इसे भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
दिलजीत की फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस
जून 2025 में दिलजीत की फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ। फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को मुख्य भूमिका में लिया गया था। उनके साथ अन्य पाकिस्तानी कलाकार भी फिल्म में शामिल थे। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। इसी माहौल में पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने को लेकर भारतीय फिल्म संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर फिल्म को प्रमाणपत्र नहीं देने की मांग की। विवाद के बीच फिल्म निर्माताओं ने भारत में रिलीज नहीं करने का फैसला किया। फिल्म 27 जून 2025 को विदेशों में रिलीज हुई।
टिकटों की कालाबाजारी पर ईडी का छापा
दिलजीत के दिल-लुमिनाटी टूर में टिकटों की कालाबाजारी जमकर हुई, जिस पर ईडी को भी एक्शन में आना पड़ा। टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए। इसके बाद सोशल मीडिया और दूसरे प्लेटफॉर्म पर टिकट कई गुना कीमत पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आईं। दिल्ली की एक प्रशंसक ने टिकट बिक्री में कथित अनियमितताओं को लेकर दिलजीत और आयोजकों को कानूनी नोटिस भेजा था। अक्टूबर 2024 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिलजीत और कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट टिकटों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी से जुड़े मामलों में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़ और बेंगलुरु में तलाशी अभियान चलाया था।



