महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक दमकलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि आग बुझाने के दौरान दो अन्य दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आग गुरुवार तड़के अचानक मार्केट कॉम्प्लेक्स में भड़क उठी। इस बाजार में कपड़ों, फल और सब्जियों की बड़ी संख्या में दुकानें और स्टॉल मौजूद थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार तथा ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। इससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे बाजार परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
👉 यह भी पढ़ें:
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले दमकलकर्मी और सुरक्षा गार्ड लोगों को बचाने और आग बुझाने में जुटे हुए थे। इसी दौरान वे आग की चपेट में आ गए।
घायल हुए दो दमकलकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बाजार की दुकानों में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग ने बेहद तेजी से फैलकर विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में कपड़ों की कई दुकानें, फल-सब्जी मंडी और परिसर में स्थित नगर निगम का वार्ड कार्यालय पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
आग पर काबू पाने के लिए ठाणे और आसपास के सभी दमकल केंद्रों से गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आपदा प्रबंधन की पूरी टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी रही। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।



