भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को मंत्रालय में हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में ग्रामीण विद्युतीकरण, सहकारी बैंकों को आर्थिक सहायता, खनिज राजस्व बढ़ाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े फैसले भी लिए गए।
2027 होगा युवा वर्ष, साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण फैसला वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का है। सरकार युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं अब साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी करने की भी जानकारी दी गई।
👉 यह भी पढ़ें:
- MPPSC उत्तरपुस्तिकाएं दिखाने के लिए नया पोर्टल तैयार, तकनीकी खराबी से आवेदन में देरी
- आज इंदौर में MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा, 12 हजार अभ्यर्थी शामिल
- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग को सता रहा इंटरव्यू में रिश्वत का डर, सूचना जारी कर किया अलर्ट-कोई पैसे मांगे तो करें शिकायत
- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के अभ्यर्थियों के पक्ष में आए राहुल गांधी, कहा-भाजपा एकलव्य की तरह काट रही है युवाओं का अंगूठा
सहकारी समितियों और बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़े
प्रदेश की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसके पीछे नई समितियों के गठन और मौजूदा समितियों के परिसीमन की प्रक्रिया को आधार बताया गया है।
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी आर्थिक सहायता
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी उपलब्ध कराने की मंजूरी दी है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मिलेगी। इस फैसले से सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने और किसानों को कृषि ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
1,834 बसाहटों में बिजली के लिए 193 करोड़ मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा का विस्तार करने के लिए कैबिनेट ने 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत प्रदेश की 1,834 बसाहटों के हजारों घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और टोलों में भी राज्य सरकार अपने बजट से विद्युतीकरण की व्यवस्था करेगी।
खनिज से सालाना 30 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज संपदा से होने वाली आय बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। वर्तमान में खनिज से प्रदेश को लगभग 12,170 करोड़ रुपये सालाना राजस्व मिलता है। इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम प्रदेशभर में सर्वे कराएगा। केंद्र सरकार का सहयोग लेकर उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा और नए खनिज संसाधनों की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
ओंकारेश्वर की एकात्म धाम परियोजना जारी रहेगी
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी है। परियोजना के प्रमुख कार्यों को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जनजातीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
प्रदेश के जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। यहां देशी और विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र
कैबिनेट बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर भी जानकारी सामने आई। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। इसमें अनुपूरक बजट सहित विभिन्न शासकीय संकल्प और महत्वपूर्ण विषय सदन में रखे जाएंगे।
दिसंबर में होगा चिंतन शिविर
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के विजन पर भी काम किया जाएगा। इसके लिए 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन आयोजित होगा। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सरकार के आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार करने पर विचार होगा।



