श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। कई जिलों में स्थिति काफी गंभीर है। पुंछ जिले में भारी बारिश से तबाही मच गई है. पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ में दो दुकानें, आटा चक्की और गाड़ियों का सर्विस स्टेशन बहने से कई वाहन बह गए। सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग मकान में फंस गए हैं।
सुरनकोट में एक ही परिवार के 6 की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुार पुंछ जिले में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ और जमीन खिसकने (लैंडस्लाइड) से बड़े स्तर पर तबाही हुई है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें सुरनकोट में 9 (एक ही परिवार के 6 लोग) और हवेली में 1 व्यक्ति शामिल है। हवेली में कम से कम 7 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मंडी से भी संपत्ति के नुकसान की खबर है।
👉 यह भी पढ़ें:
- Maharashtra Rain Alert: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे मिसिंग लिंक फिर खुला, भारी बारिश से मुंबई, पुणे और लोकल ट्रेन-फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
- कड़ाके की ठंड का कहर: कश्मीर से दिल्ली तक शीतलहर, दक्षिण में भारी बारिश से बढ़ीं मुश्किलें
- हिमाचल‑उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर जारी : पांच पुल बह गए, 78 की मौत
- उत्तराखंड में भारी बारिश से चारधाम यात्रा बाधित, हिमाचल में बादल फटने से 16 की मौत, कई लापता
- हिमाचल प्रदेश : बादल फटने और भारी बारिश से तबाही, 10 मौतें और 30 लापता
- सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन से उत्तर सिक्किम राज्य से कटा, 1,400 से अधिक पर्यटक फंसे
लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों से और जानकारी मिलने पर मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। दर्जनों लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। इसके साथ ही नूना बांडी गांव में एक मकान गिरने से महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं। भारी बारिश से भूस्खलन के चलते जिले के अधिकतर सड़क मार्ग बंद हो गए हैं।
सीएम अब्दुल्ला ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां बचाव और राहत अभियान चला रही हैं। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।
उपराज्यपाल ने की अधिकारियों से बात
जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा क मैंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित राजौरी और पुंछ के हालात का जायजा लिया। राजौरी में सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं और वे तुरंत राहत और मरम्मत के काम को प्राथमिकता दे रहे हैं। अधिकारियों को दोनों जिलों में सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें।



