पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अजयगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम बिहारपुरवा में निर्माणाधीन कुआं धंसने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। सभी मजदूर रेत की खदान नुमा कुएं में काम कर रहे थे, जब अचानक वहां की मिट्टी धंस गई और सभी मलबे में जिंदा दब गए।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतकों में चुन्नू यादव, रामपाल यादव, राजुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल शामिल हैं। प्रशासन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी थी। जेसीबी लगाकर खुदाई की गई और बचाव दल के आने पर उन्हें काम सौंपा गया।
👉 यह भी पढ़ें:
एक ही परिवार के सदस्य थे सभी मजदूर
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर एक ही यादव परिवार के सदस्य हैं और लंबे समय से कुआं खोदने का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर गिर गई, जिससे मजदूर बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। रेस्क्यू टीम द्वारा अब तक दो मजदूरों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं, जबकि अन्य मजदूरों को निकालने के लिए राहत कार्य लगातार जारी है।
10 दिन से चल रहा था कुआं खोदने का काम
अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में बिन्नू अहिरवार के खेत में बीते 10 दिन से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक कुएं की भुसभुसी मिट्टी भरभराकर धंस गई। हादसे के वक्त 5 मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे, जबकि दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए हुए थे।



