इंदौर। भैय्यू महाराज की दूसरी पत्नी डॉ.आयुषी देशमुख इन दिनों कुछ ज्यादा ही सक्रिय नजर आ रही हैं। यूपी के मौलाना पर बयान देकर भी वे खबरों में बनीं रहीं। हाल ही में उन्होंने महाराष्ट्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देने के लिए इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी। कहा तो यह जा रहा है कि वे विधानसभा लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
महाराष्ट्र के कामों का इंदौर में बखान
डॉ.आयुषी देशमुख ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 08 अगस्त 2026 को खामगांव, महाराष्ट्र में आयोजित होने वाले सूर्योदय पारधी समाज आदिवासी आश्रम विद्यालय के नवनिर्मित ऑडिटोरियम एवं स्पोर्ट्स के भव्य लोकार्पण समारोह की जानकारी दी। लोग आश्चर्य व्यक्त कर रहे हैं कि जो काम महाराष्ट्र में हो रहे हैं, इसकी जानकारी देने के लिए इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की जरूरत क्या थी?
👉 यह भी पढ़ें:
- अपने घर में ही कांग्रेस नेताओं का झगड़ा नहीं रोक पाए जीतू पटवारी, प्रदेश से कैसे खत्म करेंगे गुटबाजी?
- नए संभागायुक्त को देख खुश हुआ एमवाय अस्पताल, सोच रहा है-शायद अब दूर हो जाएगी बेहाली
- इंदौर नगर निगम के 103.42 करोड़ के फर्जी बिल घोटाले में ईडी ने पेश किया 20 हजार पन्नों का चालान, ठेकेदार समेत 32 आरोपी
- पुष्प विहार कॉलोनी में भूमाफियाओं का खेल फिर शुरू, अब प्लॉट धारक समूह को किया आगे
- जेल रोड पर बड़ी मछलियों को छोड़ छोटे व्यापारियों पर निगम का शिकंजा, राजनीतिक सौदेबाजी का खेल भी शुरू
- स्वतिक ग्रैंड कॉलोनी के मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिखाई ‘सख्ती’, तो ‘नरम’ पड़ गए संभागायुक्त सुदाम खाड़े, सारी ‘मेहनत’ पर फेरा पानी
यूपी के मौलाना के खिलाफ खोला मोर्चा
डॉ. आयुषी देशमुख पिछले महीने तब चर्चा में आईं, जब उन्होंने यूपी के मौलाना मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ मोर्चा खोला। डॉ. आयुषी देशमुख ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म, देवी-देवताओं या करोड़ों लोगों की आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और सनातन परंपराओं को लेकर लगातार विवादित टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में केवल बयानबाजी या माफी पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर डॉ. आयुषी देशमुख ने इंदौर के हीरा नगर थाना पुलिस को आवेदन सौंपा।
भैय्यू महाराज की आत्महत्या में आया था नाम
भैय्यू महाराज ने जब आत्महत्या की थी, तब उसमें आयुषी का नाम भी आया था। अदालत में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने उनकी दूसरी पत्नी आयुषी और पहली पत्नी की बेटी कुहू के बीच पारिवारिक तनाव व अनबन को आत्महत्या के कारणों में से एक बताया था। बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि उनके सेवादार विनायक दुधाले, शरद देशमुख और शिष्या पलक पुराणिक उन्हें आपत्तिजनक वीडियो और चैट के जरिए ब्लैकमेल कर रहे थे। इंदौर की जिला अदालत ने पलक पुराणिक, विनायक दुधाले और शरद देशमुख को भय्यू महाराज को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी पाते हुए 6-6 साल की सजा सुनाई थी।
सम्पति को लेकर सौतेली बेटी से विवाद
उल्लेखनीय है कि भय्यू महाराज की बेटी को और उनकी पत्नी डॉक्टर आयुषी में संपत्ति को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। उसी बात को लेकर मां-बेटी कई बार आमने सामने भी हो चुकी थीं। हालांकि धीरे-धीरे यह मामला ठंडा पड़ गया।
दो नंबर से लड़ने की कर रहीं तैयारी
सूत्र बताते हैं कि डॉ.आयुषी देशमुख विधानसभा दो से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। इंदौर में रहने वाले भाजपा के एक बड़े नेता ने अपने दिल्ली कनेक्शन का हवाला देकर आयुषी से टिकट दिलाने का वादा किया है।। बताया जाता है उन्हीं नेता के इशारे पर आयुषी अब समय-समय पर चर्चा में आने वाले बयान दे रही हैं। इतना ही नहीं ट्रस्ट द्वारा महाराष्ट्र में कराए जा रहे कामों का प्रचार-प्रसार भी इंदौर में किया जा रहा है। अब देखना यह है कि आयुषी को उनके मुकाम में कितनी सफलता मिलती है, क्योंकि दो नंबर तो फिलहाल खाली होता नहीं दिख रहा।
संघ कनेक्शन पर भी पूरा भरोसा
भैय्यू महाराज के आरएसएस से बहुत अच्छे कनेक्शन थे। बताया जाता है कि आयुषी के भी संघ के कई पदाधिकारियों से अच्छे संबंध हैं। इस आधार पर उन्हें उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट मिलने में कोई परेशानी नहीं आएगी।



