0:00 left
बिहार पत्रकारों को नीतीश सरकार की सौगात, पत्रकार सम्मान पेंशन योजना में बड़ी बढ़ोतरी
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पत्रकारों को एक बड़ी राहत देते हुए ‘बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ की राशि में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की है।

अब इस योजना के तहत पात्र पत्रकारों को मिलने वाली मासिक पेंशन 6,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सोशल मीडिया के जरिए साझा की और कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 15,000 रुपये पेंशन की राशि दी जाएगी।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि किसी पेंशन प्राप्त पत्रकार का निधन हो जाता है, तो उनके आश्रित पति या पत्नी को जीवनभर मिलने वाली पेंशन राशि को भी 3,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा।
नीतीश कुमार ने कहा, हम शुरू से ही पत्रकारों की सुविधाओं का ध्यान रखते आए हैं ताकि वे निष्पक्ष रूप से पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
इस कदम को चुनाव से पहले सरकार द्वारा पत्रकारों को साधने की एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।



