गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत में लेकर देश वापस भेज दिया है। यह कार्रवाई एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और पुलिस ऑपरेशंस (पीओ) स्टाफ की संयुक्त टीमों ने की। पुलिस के मुताबिक, जिन नागरिकों को पकड़ा गया, उनके पास भारत में रहने के लिए जरूरी कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अनुमति नहीं थी।
एटीएस टीम ने एक महीने में पकड़े सभी 27 नागरिक
गुरुग्राम पुलिस की एटीएस टीम का नेतृत्व एसपी वरुण सिंगला ने किया। इन 27 बांग्लादेशी नागरिकों को अलग-अलग स्थानों से एक महीने के भीतर हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान सभी के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई, जिसमें उनके पास भारत में रहने का कोई वैध आधार नहीं मिला।
👉 यह भी पढ़ें:
- भोपाल सेंट्रल जेल में महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का आरोप, जेलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज
- माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी में छात्रा से रेप, आरोपी गिरफ्तार
- खंडवा में किसान के खेत से 30 हजार की अदरक चोरी, तीन आरोपी पकड़े गए
- पंजाब में हथियार और ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क पकड़ाया, 7 गिरफ्तार
- सुप्रीम कोर्ट ने जंतर मंतर प्रदर्शन की जांच रिपोर्ट एक महीने में मांगी
- शहडोल में तेंदुए ने 15 वर्षीय किशोरी को उठाया, 300 मीटर दूर मिला शव
मानेसर डिटेंशन सेंटर में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
पुलिस ने सभी को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा, जहां उनकी पहचान, कागजी कार्रवाई और निर्वासन से जुड़ी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। प्रशासन ने बताया कि सभी प्रक्रियाओं के बाद 27 नवंबर 2026 को इन बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से भेजा गया दल
रवानगी के दिन सभी 27 नागरिकों को पुलिस सुरक्षा में रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। यात्रा के लिए ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ा गया, ताकि सभी की सुरक्षित और व्यवस्थित रवानगी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस कर्मचारियों की निगरानी में इन्हें ट्रेन में सवार करवाया गया।
पुलिस ने मकान मालिकों और ठेकेदारों को दी सख्त चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए मकान मालिकों और ठेकेदारों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराए पर देने या काम पर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



