इंदौर में मौसम विभाग के अनुसार रात की ठंड बढ़ने वाली है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते अगले तीन दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। वहीं, दिन में मौसम सामान्य रहेगा और अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
रात के तापमान में गिरावट, दिन में धूप
शहर में 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि रात में सर्दी का असर और तेज होगा। सुबह के समय भी ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहता है।
👉 यह भी पढ़ें:
अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
शनिवार को इंदौर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक है। नवंबर में अब तक दिन का तापमान 27 डिग्री से नीचे नहीं गया है। विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहेगा।
पछुआ हवाओं का असर, बारिश की संभावना नहीं
भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पछुआ ठंडी हवाएं इंदौर पहुंच रही हैं। इसी वजह से रात की ठंड में इजाफा हुआ है। विभाग ने बताया कि फिलहाल शहर में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा इंदौर का मौसम
29 नवंबर से 4 दिसंबर तक इंदौर में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल ठंड का असर रात के समय ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में मौसम सामान्य बना रहेगा।



