इंदौर में प्लास्टिक उद्योग की नई दिशा इन दिनों चर्चा में है, जहां कचरे से बने उत्पादों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। 27 से 30 नवंबर 2026 तक इंदौर के लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में ‘प्लास्ट पैक-2026’ एक्सपो का आयोजन हुआ, जिसमें 8 से अधिक राज्यों की 450 से ज्यादा कंपनियों और 500 से अधिक स्टॉलों ने भाग लिया। आयोजन इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (IPPF) और मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के सहयोग से हुआ।
इको-फ्रेंडली तकनीक और ग्रीन प्लास्टिक का प्रदर्शन
एक्सपो में कंपोस्टेबल प्लास्टिक, पानी में घुलनशील फिल्म्स और एआई आधारित कचरा रीसाइक्लिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। कई कंपनियों ने मक्का के स्टार्च और कृषि अवशेष से ऐसे पैकेजिंग मैटेरियल पेश किए, जो मिट्टी या पानी के संपर्क में आने पर 6 महीने के भीतर नष्ट हो जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इन उत्पादों के इस्तेमाल से पर्यावरण पर प्लास्टिक का असर कम होगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- भोपाल मास्टर प्लान: 51 किमी कॉरिडोर होगा 500 मीटर चौड़ा, विकास को मिलेगी रफ्तार
- रीवा में शुरू हुई अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के 3500 अभ्यर्थी शामिल
- मध्यप्रदेश पुलिस में नए साल पर बड़ा फेरबदल, 33 आईपीएस अफसरों को प्रमोशन
- इंदौर में शुरू हुआ प्लास्ट पैक-2026, 8 राज्यों के 450+ उद्योगी जुड़ेंगे
- सिंहस्थ 2028 से पहले तैयार हुई इंदौर-खंडवा फोरलेन, उज्जैन-ओंकारेश्वर सफर दो घंटे में
- इंदौर में बढ़ी ठंड, रात का तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंचा

इंदौर जिले के गांवों में कचरे से तैयार हो रहे उत्पाद
इंदौर जिले के 610 से अधिक गांवों में 56 क्लस्टर बनाए गए हैं जहां प्रोसेसिंग मशीनों के जरिए पन्नी और रैपर जैसे कचरे से प्लास्टिक शीट्स तैयार की जा रही हैं। इन शीट्स को स्थानीय उद्योगों को बेचा जा रहा है। ग्राम पंचायत काली बिल्लोद की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में प्लास्टिक कचरे से टेबल, कुर्सियां, दरवाजे और खिड़कियां जैसी वस्तुएं बनाई जा रही हैं।
औद्योगिक पार्कों में रीसाइक्लिंग और इको-राइट उत्पाद
सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र (50,000 वर्ग फुट) और पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र (60,000 वर्ग फुट) में वेस्ट रीसाइक्लिंग इकाइयां कार्यरत हैं। ये इकाइयां प्लास्टिक कचरे से इको-राइट प्लास्टिक वुड जैसे इको-फ्रेंडली उत्पाद तैयार कर रही हैं।
सड़क निर्माण और सीमेंट उद्योग में प्लास्टिक कचरे का इस्तेमाल
इंदौर मॉडल के तहत गैर-पुनर्नवीनीकरण प्लास्टिक कचरे को श्रेडर मशीनों से प्रोसेस कर सड़क निर्माण में बिटुमेन के साथ मिश्रित किया जा रहा है। साथ ही, सीमेंट फैक्ट्रियों के बॉयलरों में इसे ईंधन के रूप में भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्लास्टिक कचरा रीसाइक्लिंग में मध्य प्रदेश की बढ़त
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में प्लास्टिक कचरा रीसाइक्लिंग बढ़कर 2.8 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। इसमें 2.2 लाख मीट्रिक टन प्लास्टिक का उपयोग दाने बनाने में, 61,595 मीट्रिक टन सीमेंट उद्योग में ईंधन के रूप में और 436 मीट्रिक टन सड़क निर्माण में किया गया है।



