व्हाट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को नई चेतावनी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि व्हाट्सएप वेब पर चैट्स लीक होने का खतरा बना हुआ है, खासतौर पर जब यूजर ऑफिस या साझा कंप्यूटर पर ऐप का वेब वर्शन इस्तेमाल करते हैं।
व्हाट्सएप वेब पर चैट्स लीक होने का खतरा
सरकारी एजेंसी ने साफ किया है कि कंप्यूटर या लैपटॉप पर एक्टिव व्हाट्सएप वेब सेशन का साइबर अपराधी गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे मामलों में अकाउंट टेकओवर की संभावना रहती है। यानी, किसी अनधिकृत व्यक्ति को अगर आपके व्हाट्सएप वेब सेशन तक पहुंच मिल गई, तो वह आपके निजी मैसेज, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट पढ़ सकता है।
👉 यह भी पढ़ें:
इसके अलावा, हैकर आपके नाम से दूसरों को ठगी या फिशिंग के मैसेज भेज सकता है। इससे न सिर्फ आपकी निजी जानकारी लीक हो सकती है, बल्कि आपके परिचितों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

केवल ब्राउजर बंद करने से नहीं होता लॉगआउट
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ब्राउजर का टैब या विंडो बंद करना, व्हाट्सएप वेब से लॉगआउट करने के बराबर नहीं है। बहुत से यूजर्स ऑफिस या पब्लिक कंप्यूटर पर काम खत्म होने के बाद केवल टैब बंद कर देते हैं, जबकि उनका व्हाट्सएप वेब सेशन एक्टिव रहता है।
इससे अगला यूजर उसी कंप्यूटर पर आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है। इसलिए हर बार काम के बाद व्हाट्सएप वेब से मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है।
ऑफिस, साइबर कैफे और होटल कंप्यूटर पर सबसे ज्यादा खतरा
I4C के मुताबिक, ऑफिस के कंप्यूटर, शेयर्ड सिस्टम, साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क और होटल बिजनेस सेंटर के कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब लॉग-इन छोड़ना सबसे ज्यादा जोखिम भरा है। इन जगहों पर कई लोग एक ही सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, जिससे अनजान व्यक्ति को आपके व्हाट्सएप अकाउंट तक पहुंच मिल सकती है।
एजेंसी ने सलाह दी है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करने से बचें। अगर मजबूरी में करना ही पड़े, तो ‘इन्कोगनिटो’ या प्राइवेट मोड में लॉग-इन करें और काम खत्म होते ही मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें।
संवेदनशील जानकारी शेयर करने से बचने की सलाह
सरकार ने निर्देश दिया है कि व्हाट्सएप वेब पर सरकारी, संस्थागत, वित्तीय, गोपनीय या संवेदनशील जानकारी शेयर न करें। ऐसे डेटा के लीक होने पर बड़ी हानि हो सकती है, खासकर जब व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल असुरक्षित या सार्वजनिक सिस्टम पर किया गया हो।
साथ ही, यूजर्स को अपने लिंक किए गए डिवाइसेस की नियमित जांच करने की भी सलाह दी गई है। फोन में व्हाट्सएप के Linked Devices विकल्प में जाकर देखा जा सकता है कि अकाउंट किन कंप्यूटर या डिवाइस से जुड़ा है। किसी अनजान डिवाइस पर लॉगआउट करना जरूरी है।
व्हाट्सएप वेब की सुरक्षा के लिए मुख्य उपाय
एडवाइजरी में व्हाट्सएप वेब यूजर्स के लिए कुछ मुख्य सुरक्षा उपाय बताए गए हैं:
- हर बार काम के बाद व्हाट्सएप वेब से मैन्युअली लॉगआउट करें।
- सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर ‘इन्कोगनिटो’ मोड का इस्तेमाल करें।
- लिंक किए गए डिवाइसेस को समय-समय पर चेक करें और अनजान डिवाइस पर लॉगआउट करें।
- व्हाट्सएप वेब पर गोपनीय या संवेदनशील जानकारी शेयर करने से बचें।
I4C की यह एडवाइजरी केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने जारी की है।



