भोपाल। स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में प्रदेश को नौ अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। खास बात यह है कि स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बना चुके इंदौर के साथ अब देपालपुर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर चमका है। इसके अलावा जबलपुर, उज्जैन, देवास, ग्वालियर, रीवा, सागर और बुधनी ने भी प्रदेश का मान बढ़ाया है।
11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता शहरों को सम्मानित किया। इस बार मध्यप्रदेश को कुल 9 राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिले हैं। खास बात यह कि स्वच्छता सर्वेक्षण में आठ बार नंबर वन आने वाले इंदौर के नेताओं को एक बार फिर मंच साझा करने का मौका मिला है, भले ही इस बार इसका कारण देपालपुर बना।
👉 यह भी पढ़ें:
- क्या किसी महिला अफसर के हाथ होगी एमपी पुलिस की कमान, चर्चा में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम
- IAS भरत यादव ने संभाला जनसंपर्क सचिव का पदभार, कई विभागों में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
- इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर पर हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई पूरी, अब अंतिम आदेश का इंतजार
- अमित शाह कर गए टीम मोहन यादव की तारीफ, कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात के लगने लगे सियासी मायने
- भोपाल में बोले अमित शाह -2029 तक नशामुक्त होगा मध्यप्रदेश, डेयरी और न्याय व्यवस्था पर जोर
जबलपुर ने हासिल किया दूसरा स्थान
जबलपुर ने 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहर में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में विशाखापत्तनम पहले और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहा। जबलपुर की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए खास है। वहीं, ग्वालियर ने भी देश के शीर्ष-10 स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाई है।
इंदौर के साथ देपालपुर की भी बड़ी उपलब्धि
इस बार की सबसे खास उपलब्धियों में इंदौर और देपालपुर की स्वच्छ शहर जोड़ी शामिल है। इंदौर ने अपने स्वच्छता मॉडल, तकनीक और अनुभव का लाभ देपालपुर को दिया। इसका असर देपालपुर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और प्रबंधन में दिखाई दिया। करीब 22 हजार की आबादी वाले देपालपुर ने पिछले सर्वेक्षण की 1710वीं रैंक से उल्लेखनीय सुधार करते हुए इस बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। देपालपुर को 20 हजार तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिलने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं इंदौर के साथ उसकी जोड़ी को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला है। यह उपलब्धि बताती है कि स्वच्छता का सफल मॉडल दूसरे शहरों तक पहुंचाने से भी सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
भोपाल पुरस्कारों की सूची से बाहर
बड़ी बात ये रही कि प्रदेश के नौ शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिला है, लेकिन राजधानी भोपाल इस बार किसी भी पुरस्कार श्रेणी में जगह नहीं बना सकी। भोपाल के साथ उसकी मेंटर नगर परिषद बैरसिया भी पुरस्कार पाने वाले निकायों में शामिल नहीं हो सकी। आदमपुर में पुराने कचरे का ढेर और कचरा प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियां राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था के सामने बड़ी समस्या बनी हुई हैं। पिछली स्वच्छता रैंकिंग में भोपाल ने देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान हासिल किया था।
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन नंबर वन
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन को देश में पहला स्थान मिला। उज्जैन को यह उपलब्धि कचरे के बेहतर प्रबंधन और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने के इनोवेशन के लिए मिली है। शहर में महाकाल, मंगलनाथ और कालभैरव मंदिरों के फूलों से अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बनाए जा रहे हैं। घाटों पर छोड़े गए पुराने कपड़ों से पेपर बैग और निर्माण के मलबे से पेवर ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। गीले कचरे से बिजली बनाने की व्यवस्था भी की गई है। शहर के 54 वार्डों में 96 वाहनों से घर-घर कचरा संग्रहण किया जाता है। गीले-सूखे सहित चार तरह के कचरे का अलग-अलग संकलन और दिन में तीन बार सफाई की व्यवस्था है। निगम के अनुसार, 95 प्रतिशत से अधिक कचरा पृथक रूप में मिल रहा है।
रिवर फ्रंट में रीवा नंबर-1, सफाई व्यवस्था भी सुधरी
रीवा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रिवर फ्रंट श्रेणी में पहला स्थान मिला है। शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने, घर-घर से कचरा उठाने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करने पर जोर दिया गया। नगर निगम ने चिरहुला तालाब, बाणसागर जलाशय, बावड़ियों और नदी घाटों की सफाई कराई। गीले कचरे से जैविक खाद बनाई गई। प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन और कबाड़ से कलाकृतियां तैयार करने जैसे काम भी किए गए। इसके अलावा, लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम और विशेष सफाई अभियान चलाए गए।
इन शहरों ने हासिल किया राष्ट्रीय सम्मान
इंदौर-स्वच्छ शहर जोड़ी (मेंटर) में दूसरा स्थान।
देपालपुर : स्वच्छ शहर जोड़ी मेंटी के रूप में दूसरा स्थान।
जबलपुर : 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में देश में दूसरा स्थान।
उज्जैन : 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान।
देवास : 50 हजार से तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान।
ग्वालियर : देश के शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में जगह, मध्यप्रदेश का प्रथम स्वच्छ शहर।
रीवा : स्वच्छ रिवर फ्रंट श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान।
सागर : 50 हजार से 3 लाख आबादी श्रेणी में तृतीय सम्मान।
बुदनी : 20 हजार से कम आबादी श्रेणी में तृतीय स्थान।



