भोपाल। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने भोपाल में नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.604 किलोग्राम नशीली दवा जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई की टीम ने यह कार्रवाई बुधवार, 14 अक्टूबर की सुबह भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर की।
डीआरआई को विशेष खुफिया जानकारी मिली थी कि दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सफर कर रही एक महिला यात्री अपने साथ नशीली दवाएं लेकर जा रही है। इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने बस के भोपाल पहुंचने पर महिला को रोककर उसकी तलाशी ली।
👉 यह भी पढ़ें:
तलाशी के दौरान महिला के बैकपैक में बनी गुप्त जगह से चांदी के रंग की प्लास्टिक की एक थैली बरामद हुई। इसमें 1,885 ग्राम नशीला पदार्थ छिपाकर रखा गया था। इसके बाद महिला के पर्स की जांच की गई तो उसमें बनी गुप्त जगह से एक और चांदी के रंग की प्लास्टिक की थैली मिली, जिसमें 719 ग्राम पदार्थ रखा हुआ था। दोनों थैलियों से कुल 2,604 ग्राम यानी 2.604 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
फील्ड टेस्ट किट से की गई जांच
डीआरआई के अनुसार, बरामद पदार्थ की जांच एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से की गई। प्रारंभिक जांच में इसमें मेथामफेटामाइन की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी खेप जब्त कर ली गई। विभाग ने जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत 2.08 करोड़ रुपये बताई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी
डीआरआई ने महिला को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट), 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला नशीला पदार्थ कहां से लेकर आ रही थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।



