भोपाल। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में लगातार दो एंटी-नारकोटिक ऑपरेशन में बड़ी मात्रा में एम्फेटामाइन ड्रग जब्त की है। 23 और 24 सितंबर को की गई दोनों कार्रवाइयों में कुल 4.38 किलो एम्फेटामाइन बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में एक भारतीय पुरुष और एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया है।
DRI के मुताबिक पहली कार्रवाई में खुफिया सूचना के आधार पर हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली से ट्रेन के जरिए भोपाल आ रहे एक भारतीय यात्री पर नजर रखी गई थी। ट्रेन के भोपाल जंक्शन पहुंचने पर DRI अधिकारियों ने संदिग्ध यात्री को रोका और उसके नीले रंग के डफल बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में छिपाकर रखे गए तीन पॉलीथिन पैकेट मिले। इन पैकेटों में सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ था। वजन करने पर इसकी मात्रा 2.014 किलो निकली। DRI के मुताबिक NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई।
👉 यह भी पढ़ें:
- एमपी में अगले पांच साल तक जारी रहेगी लाडली बहना योजना, कैबिनेट की बैठक में कई फैसले
- भोपाल और ग्रेटर नोएडा में डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 7 करोड़ की ड्रग जब्त
- भारत में ई-वीजा की सुविधा और बढ़ी, 11 नए प्रवेश द्वार जुड़े; भोपाल और तिरुपति भी सूची में
- Twisha Sharma Case : सास गिरिबाला सिंह की जमानत खारिज, सुसाइड के लिए बहू को मजबूर करने के हैं आरोप
- ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को वीआईपी ट्रीटमेंट देने पर एक्शन, डिप्टी जेलर को हटाया, दो और पर होगी कार्रवाई
- Raisen-Bhopal National Highway पर बड़ा हादसा, दो बसों की टक्कर में पांच की मौत, 35 यात्री घायल
सलवार-कुर्तों में छिपाकर रखे थे पैकेट
दूसरी कार्रवाई में DRI को एक विदेशी यात्री के नशीले पदार्थ लेकर ट्रेन से सफर करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आगरा कैंट से ट्रेन में सवार होकर आ रही एक नाइजीरियाई महिला यात्री को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रोका गया। DRI अधिकारियों ने उसके सामान की विस्तृत तलाशी ली। इस दौरान चार सलवार-कुर्तों के अंदर छिपाकर रखे गए चार पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में मौजूद क्रिस्टलीय पदार्थ की जांच में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। चारों पैकेटों का कुल वजन 2.368 किलो बताया गया है।
दो दिनों में 4.38 किलो ड्रग जब्त
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर DRI ने कुल 4.382 किलो, यानी करीब 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया है। DRI ने इसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए आंकी है। दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 (NDPS Act) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
ड्रग के स्रोत की हो रही है जांच
DRI के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। जांच में ड्रग की सप्लाई के स्रोत, इसे भोपाल तक पहुंचाने वाले नेटवर्क और इसके संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। DRI ने कहा है कि वह केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत देशभर में सक्रिय अवैध ड्रग सिंडिकेट को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रखे हुए है।



