भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान सोमवार को कर दिया है। टीम की घोषणा के साथ ही मध्यप्रदेश भाजपा के कई दिग्गजों के हाथ निराशा लगी है। मध्यप्रदेश से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
वीडी शर्मा के हाथ प्रकोष्ठ संकुल का झुनझुना
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बड़े पद की आस में लगे हुए थे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। उन्हें प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। गुर्जर इससे पहले मध्यप्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- यूपी में 2027 फतह करने में जुटी भाजपा, नई टीम का ऐलान, राजनाथ सिंह के बेटे सहित कई को मिली बड़ी जिम्मेदारी
- भाजपा ने बिहार से नितिन नवीन को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, हरियाणा, असम समेत 6 राज्यों के भी प्रत्याशी तय
- इंदौर प्रेस क्लब के दशहरा और दीपावली मिलन समारोह में मां सरस्वती पत्रकार समूह के पैनल संयोजकों का सम्मान, नई टीम ने बताया अपना काम
लाल सिंह आर्य बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
मध्यप्रदेश से लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष के पद पर उन्हें जगह दी गई है। आर्य इससे पहले संगठन और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के कामकाज से जुड़ी रहेगी।
गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव
खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव के पद पर मध्यप्रदेश से उन्हें प्रतिनिधित्व मिला है। नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में गजेंद्र पटेल का नाम शामिल है। इस जिम्मेदारी के जरिए वे अब पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कविता पाटीदार राष्ट्रीय मंत्री
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री की सूची में उनका नाम पहले स्थान पर है। यानी राष्ट्रीय संगठन में उन्हें मंत्री स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। पाटीदार के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 16 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
तरुण चुघ और अग्रवाल को मिला स्थान
नई टीम में सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है
गुर्जर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
मध्यप्रदेश के बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने सात प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा की है, जिसमें किसान मोर्चा की जिम्मेदारी गुर्जर को मिली है। किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मध्यप्रदेश के नेता को दिए जाने से प्रदेश का संगठन में प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है।
आशीष उपाध्याय मीडिया सह-संयोजक
मध्यप्रदेश से आशीष उपाध्याय को भाजपा का राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। राष्ट्रीय मीडिया टीम में उनके साथ दिल्ली से प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया से जुड़े कामकाज में अब उपाध्याय की भूमिका रहेगी।
भाजपा ने ओबीसी वर्ग पर लगाया दांव
कविता पाटीदार को नितिन नवीन की टीम में शामिल किए जाने का साफ मतलब है कि भाजपा ने ओबीसी चेहरे को साधने की कोशिश की है। भाजपा ने पाटीदार को महिला और ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधित्व वाले चेहरे के तौर पर आगे किया था। उनके नाम की घोषणा को मध्य प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण फैसला माना गया। कविता पाटीदार की पहचान बीजेपी ओबीसी नेतृत्व से जुड़े चेहरे के तौर पर बनी हुई है और जिला पंचायत से शुरू हुआ उनका ये राजनीतिक सफर अब राज्यसभा तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजनीति में कविता पाटीदार की भूमिका अब अहम होते जा रही है।
15 से अधिक नेता थे दौड़ में शामिल
उल्लेखनीय है कि नई टीम के गठन से पहले मध्यप्रदेश भाजपा संगठन की ओर से करीब 15 नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। इनमें से चार से पांच नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि अंतिम सूची में अपेक्षा से ज्यादा यानी छह नेताओं को जिम्मेदारी मिली। इनमें वीडी शर्मा, जीतू जिराती, कविता पाटीदार, संध्या राय, कैलाश विजयवर्गीय और ओमप्रकाश धुर्वे जैसे नाम भी प्रमुखता से सामने आए थे। दतिया उपचुनाव के बाद से नरोत्तम मिश्रा इस दौड़ से बाहर हो गए थे।
कई नेताओं का दिल्ली दौड़ा हुआ फेल
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के कई नेता बार-बार दिल्ली का दौड़ा कर रहे थे। कभी गृह मंत्री अमित शाह, तो कभी जेपी नड्डा और कभी नितिन नवीन के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर रहे थे। इनमें से अधिकांश को निराशा हाथ लगी है।



