इंदौर। मध्यप्रदेश में खंड-खंड कांग्रेस की कमान जब जीतू पटवारी को सौंपी गई थी, तब भी कई सवाल उठे थे। उस समय तक कांग्रेस के कई टुकड़े हो चुके थे और खुद जीतू पटवारी सहित अधिकांश नेता चुनाव हार चुके थे। कांग्रेस आलाकमान को उम्मीद थी कि पटवारी गुटबाजी खत्म कर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करेंगे, लेकिन यहां हुआ बिल्कुल उल्टा।
जब से पटवारी प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, गुटबाजी और बढ़ गई है। यहां तक कि वे अपने गृह जिला में भी कांग्रेस को संभाल नहीं पाए। लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार को भाजपा में जाने से नहीं रोकने के साथ ही हाल ही में राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का पर्चा निरस्त होने तक से पटवारी की कार्यकुशलता सबको पता चल गई है।
👉 यह भी पढ़ें:
- भाजपा की दुखती रग पर राहुल गांधी का हाथ, लाख रोड़े अटकाए फिर भी सरकार के कानों तक गूंज रही छात्रों की आवाज
- नितिन नवीन के सामने मंच से भाषण देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष से भिड़ गए विजयवर्गीय, बच्चों जैसी कर ली जिद!
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने सीएम ने जमाई स्वप्निल कोठारी की झांकी, नितिन नवीन बोले-अमेरिका में दो-दो यूनिवर्सिटी!
- इंदौर में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा विपक्ष को देश की प्रगति से बेचैनी
- कृष्णा संस्था के जमीन आवंटन में नियमों की उड़ी खुलेआम धज्जियां, जांच हो तो कई अफसरों तक पहुंचेगी आंच
- आखिर कहां गया 300 किलो जिलेटिन, बड़े नेताओं के दौरे के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल?
अपने घर में ही करवा दी मारपीट
पटवारी की कार्यशैली का आलम यह है कि इंदौर में कांग्रेस के बचे-खुचे नेताओं को भी नहीं संभाल पा रहे। इसका सबसे ताजा मामला शनिवार का है, जब पटवारी के घर पर ही कांग्रेस के कुछ नेता आपस में भिड़ गए। हाथापाई की नौबत आ गई और कहा जाता है कि इसमें स्वयं प्रदेश अध्यक्ष महोदय का कुर्ता भी फट गया।
चिंटू चौकसे और पिंटू जोशी में हुई थी भिड़ंत
प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने अपने निवास पर सभी नेताओं को चर्चा के लिए बुलाया था। वहां पूर्व निगम में नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे पहले से मौजूद थे। इसके साथ ही दीपू यादव, अमन बजाज, शैलेष गर्ग, राजू भदौरिया आदि भी मौजूद थे। तब तक जीतू पटवारी घर के अंदर ही थे। इसी दौरान चिंटू चौकसे और पिंटू जोशी में भिड़ंत हो गई।
मलाईदार पद को लेकर भड़का गुस्सा
सूत्र बताते हैं कि पिंटू जोशी ने शहर कांग्रेस के कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग से कहा कि अब काम कैसे चल रहा है? चिंटू का मलाईदार पद तो चला गया है। खर्चा ज्यादा है, कैसे काम चला रहे हो? इसी पर विवाद बढ़ गया और राजू भदौरिया ने पिंटू जोशी से हाथापाई कर ली, लेकिन दीपू यादव, पिंटू जोशी के पक्ष में आ गए और मामला बढ़ गया। जब विवाद बढ़ा तो कमरे के अंदर सीसीटीवी पर देख रहे जीतू पटवारी बाहर आए और बीचबचाव में उनका कुर्ता फट गया।
पटवारी ने ही किया था इशारा
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि पटवारी लंबे समय से पिंटू जोशी को निपटाने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने चिंटू चौकसे को कह दिया था कि निपटा देना, बाद में देख लेंगे। विवाद और बढ़ जाता, अगर दीपू यादव सहित कुछ और नेता पिंटू जोशी के पक्ष में नहीं आते। अब कांग्रेस में ही इस बात की चर्चा है कि पटवारी के इसी रवैये के कारण इंदौर से गुटबाजी खत्म नहीं हो रही और नेता पार्टी छोड़कर भाग रहे हैं।
राकेश सिंह यादव बोले-सेल्फ डिफेंस किट लेकर जाएं
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने इस घटनाक्रम पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सलाह दी हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर सेल्फ डिफेंस किट और हेलमेट पहनकर कर जाएं। कल मारपीट की घटना से सबक लेते हुए समस्त कांग्रेसियों को तत्काल सेल्फ डिफेंस किट ख़रीदना चाहिए। राकेश सिंह यादव ने कहा जिससे अपना घर ही नहीं संभल रहा, वह प्रदेश क्या संभालेगा?



