नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग में 21 मौतों के बाद अब सरकार एक्शन में आ गई है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति की घोषणा की गई है। प्रशासन ने न केवल हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं, बल्कि बृहस्पतिवार यानी 4 जून से पूरी दिल्ली में एक महीने का सघन प्रवर्तन अभियान शुरू करने का फैसला लिया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 जून से शुरू होने वाला यह अभियान दिल्ली के सभी होटलों, लॉज, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थानों और रेस्टोरेंट्स में फायर सेफ्टी मानकों की जांच करेगा। दिल्ली सरकार के गृह विभाग को इस पूरे अभियान के लिए नोडल विभाग घोषित किया गया है, जो विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करेगा। इस अभियान की निगरानी संयुक्त रूप से मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर करेंगे।
👉 यह भी पढ़ें:
- दिल्ली में पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, ईंट-डंडों से पीटा; तीन जवान घायल
- दिल्ली में CNG भरते समय ट्रक में धमाका, 2 की मौत, 5 घायल
- कोलकाता होटल में भीषण आग: 9 लोगों की मौत, 6 घायल; बंगाल में लगातार दूसरे बड़े अग्निकांड से सुरक्षा पर सवाल
- कोलकाता एयरपोर्ट के ATC भवन में लगी आग, मचा हड़कंप; कुछ ही देर में पाया गया काबू
- तारापीठ होटल अग्निकांड: सोते यात्रियों पर टूटा कहर, 7 की मौत, कई गंभीर
- IIT Delhi के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी, छात्रों से कहा-कैंपस से अलग चलती है जिंदगी
स्वीकृत संख्या से अधिक कमरे मिले तो लगेगा ताला
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी होटल, लॉज या गेस्ट हाउस में स्वीकृत संख्या से अधिक कमरे पाए जाते हैं, तो उन्हें तुरंत बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस, एमसीडी और पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से होटल एसोसिएशनों के साथ बैठकें करेंगे और उन्हें लाइसेंस की शर्तों और फायर सेफ्टी नियमों का कड़ाई से पालन करने की अंतिम चेतावनी देंगे। जो संस्थान मानकों को पूरा नहीं करेंगे, उन्हें न केवल सील किया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
फायर सेफ्टी के लिए 15 दिना का अल्टीमेटम
बैठक में तय किया गया कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने फायर सेफ्टी उपकरण, पानी के टैंक और सप्लाई सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। फायर सेफ्टी नियमों को डिजिटल रूप में सभी व्यावसायिक इमारतों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को भेजा जाएगा, ताकि वे खुद अपनी तैयारी की जांच कर सकें। 4 जून से ही अधिकारियों द्वारा कंकरेंट ऑडिट की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
कई विदेशी नागरिकों की मौत
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में करीबन 21 लोगों की मौत हुई है। इस हादसे में मरने वालों में 17 विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। इनमें नाइजीरिया, मोजाम्बिक, बांग्लादेश, सोमालिया, लाइबेरिया और अफगानिस्तान के बताए जा रहे हैं। हालांकि संख्या की पुष्टि नहीं हुई है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि नई दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की दुखद घटना में, जिसमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जान-माल के नुकसान पर मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। विदेश मंत्रालय अन्य देशों के दूतावसों से संपर्क में है। हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।
गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार होटल में आने-जाने का सिर्फ एक ही रास्ता था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ ‘गैर-इरादतन हत्या’ का केस दर्ज कर लिया है। इस बात की जांच की जा रही है कि क्या होटल में आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण मौजूद थे।



