भोपाल। प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता और पात्रता की कट-ऑफ डेट को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट की गई है। इसके अनुसार, निर्धारित शैक्षणिक या व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में शामिल होने की अनुमति देने वाला क्लॉज 49, चयन परीक्षा (Selection Test) पर लागू नहीं होगा। ऐसे में चयन परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास विज्ञापन में निर्धारित अंतिम तिथि तक सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यताएं होना अनिवार्य है।
इस परीक्षा पर हुए विवादों के बाद सरकार ने इस विषय पर लीगल ओपिनियन मांगा था। एमपी की एडिशनल एडवोकेट जनरल जान्हवी पंडित ने इस पर अपनी विधिक राय दी है। इसके अनुसार क्लॉज 49 में प्रावधान किया गया है कि निर्धारित शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के लिए संबंधित पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थी भी शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के सत्यापन की निर्धारित तारीख तक आवश्यक अंकसूची या डिग्री प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- पन्ना के मनकी बीट जंगल में बाघिन का शव मिला, गले में क्लच वायर का फंदा
- माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी में छात्रा से रेप, आरोपी गिरफ्तार
- भोपाल में 146 करोड़ की लागत से वंदे भारत ट्रेनों का आधुनिक मेंटेनेंस डिपो बनेगा
- संविधान दिवस पर CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, 100 बार संशोधन का आरोप
- सिवनी में खवासा-टुरिया मार्ग पर सड़क पार करता बाघ, चालक रुके वाहन
- सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई मंत्रियों से की मुलाकात
TET और चयन परीक्षा की प्रकृति अलग-अलग
विज्ञापन, भर्ती को नियंत्रित करने वाले वैधानिक नियमों और नमूना आवेदन पत्र का संयुक्त रूप से अध्ययन करने पर यह स्पष्ट होता है कि क्लॉज 49 का दायरा केवल शिक्षक पात्रता परीक्षा तक सीमित है। TET एक अर्हता परीक्षा है, जिसका उद्देश्य अभ्यर्थी की शिक्षण कार्य के लिए न्यूनतम पात्रता निर्धारित करना है। इसके विपरीत चयन परीक्षा एक प्रतियोगी परीक्षा है, जिसके माध्यम से वास्तविक रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। इसलिए TET में अंतिम वर्ष के अभ्यर्थियों को दी गई छूट का लाभ चयन परीक्षा में नहीं दिया जा सकता। केवल चयन परीक्षा के आवेदन पत्र में क्लॉज 49 का उल्लेख होने से इस प्रावधान का दायरा नहीं बढ़ाया जा सकता।
क्लॉज 12.7 में अंतिम तिथि तक योग्यता जरूरी
विज्ञापन के क्लॉज 12.7 में स्पष्ट प्रावधान है कि अभ्यर्थी के पास आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तक निर्धारित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यताएं होनी चाहिए। इसके बाद प्राप्त की गई डिग्री या योग्यता को मान्य नहीं किया जाएगा। इस प्रावधान के चलते अंतिम वर्ष में अध्ययनरत ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने आवेदन की अंतिम तिथि तक आवश्यक योग्यता हासिल नहीं की है, चयन परीक्षा के लिए पात्रता का दावा नहीं कर सकते।
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया गया हवाला
इस कानूनी स्थिति के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसलों का उल्लेख किया गया है। इनमें राकेश कुमार शर्मा बनाम दिल्ली सरकार (NCT) [2013 SCC OnLine SC 674], उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, इलाहाबाद बनाम कल्पना [(1994) 2 SCC 723] और डॉ. एम.वी. नायर बनाम भारत संघ [(1993) 2 SCC 429] शामिल हैं। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने सुधीर सिंह एवं अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य [(2024) 12 SCC 647] मामले में भी इसी कानूनी सिद्धांत का पालन किया है।
क्या है सुप्रीम कोर्ट का कानूनी सिद्धांत?
सुप्रीम कोर्ट के इन निर्णयों के अनुसार, किसी भर्ती में अभ्यर्थी की पात्रता निर्धारित करने के लिए यदि वैधानिक नियमों में कोई विशेष कट-ऑफ डेट तय की गई है, तो उसी तारीख तक आवश्यक योग्यता हासिल करना अनिवार्य है। यदि नियमों में कट-ऑफ डेट निर्धारित नहीं है, लेकिन भर्ती विज्ञापन में इसका उल्लेख है, तो विज्ञापन में दी गई तारीख लागू होगी। वहीं, यदि न तो वैधानिक नियमों में और न ही भर्ती विज्ञापन में पात्रता की कोई विशेष तारीख निर्धारित की गई है, तो आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि को ही पात्रता तय करने की प्रासंगिक तारीख माना जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी परीक्षा का परिणाम बाद में घोषित होने पर उसे परीक्षा आयोजित होने की तारीख से प्रभावी नहीं माना जा सकता।
अभ्यर्थी सोनम दांगी की स्थिति
प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 की नियम पुस्तिका की कण्डिका 12.7 में निम्नानुसार प्रावधान किया गया था कि प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा हेतु ऑनलाईन आवेदन भरने की अंतिम तिथि तक निर्धारित शैक्षणिक / व्यावसायिक योग्यता एवं वांछित अतिथि शिक्षक अनुभव धारित करना अनिवार्य है। इस तिथि के पश्चात अर्जित शैक्षणिक / व्यावसायिक योग्यता एवं अतिथि शिक्षक अनुभव मान्य नहीं होगे। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि दिनांक 25. 08.2025 थी। अतः इस आधार पर दिनांक 25.08.2025 तक शैक्षणिक / व्यावसायिक योग्यता अर्जित करने वाले अभ्यर्थी ही नियुक्ति हेतु पात्र है।
आवेदन की अंतिम तिथि तक नहीं थी योग्य
अभ्यर्थी सोनम दांगी ने डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा दिनांक 05.08.2026 को उत्तीर्ण की है। अतः स्पष्ट है कि अभ्यर्थी ने प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि दिनांक 25.08.2025 तक निर्धारित व्यावसायिक योग्यता अर्जित नहीं की थी। इस आधार पर अभ्यर्थी सोनम दांगी की अभ्यर्थिता मान्य नहीं है। उपरोक्त विवरण से स्पष्ट है कि प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 का आवेदन भरते समय अभ्यर्थी केवल डीएलएड प्रथम वर्ष उत्तीर्ण थी एवं व्यावसायिक योग्यता पूर्ण नहीं होने के बावजूद असत्य जानकारी के आधार पर प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा में सम्मिलित हुई।



