रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार को आईईडी ब्लास्ट की खबर है। इस ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान घायल हो गए हैं। यह घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई, जो नारायणपुर जिले की सीमा से लगा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआरजी की एक टीम इलाके में डिमाइनिंग ऑपरेशन चला रही थी। इस अभियान का उद्देश्य नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईडी को ढूंढकर निष्क्रिय करना था। इसी दौरान विस्फोट हो गया और तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
31 मार्च को नक्सल मुक्त हुआ था घोषित
उल्लेखनीय है कि 31 मार्च को राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित किया गया था। इसके बाद नक्सली गतिविधियों से जुड़ा यह पहला विस्फोट है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र में नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जाता है कि राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, खासकर बस्तर क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों ने पूर्व में बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई थीं, जो अब भी वहां तैनात सुरक्षाबलों और ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। सुरक्षाबल के जवान क्षेत्र में लगातार बारूदी सुरंगों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुटे हुए हैं।


