0:00 left
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि कर दी है। इसके बाद से कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जमकर अपनी भड़ास निकाली है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि आपकी सरकार ने घाव पर नमक छिड़कने का काम किया है।
खड़गे ने एक्स पर लिखा कि वाह मोदी जी वाह!! मई 2014 की तुलना में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में 41% की गिरावट आई है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की कीमत कम करने के बजाय आपकी लुटेरी सरकार ने 2-2 रुपये केंद्रीय उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया है। टैरिफ नीति पर कुंभकर्णी नींद के कारण शेयर बाजार में बड़े और छोटे निवेशकों को एक बार में 19 लाख करोड़ रुपये का नुकसान होते देखकर आपको राहत नहीं मिली होगी, इसलिए आपकी सरकार घाव पर नमक छिड़कने आई है! खड़गे ने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी थी, मोदी जी… इस बार महंगाई की मार उज्ज्वला की गरीब महिलाओं की बचत पर भी पड़ी। लूट, जबरन वसूली, धोखाधड़ी… ये सब मोदी सरकार का पर्याय बन गए हैं।
कांग्रेस ने एक पुराना वीडियो किया शेयर
कांग्रेस ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पीएम मोदी का एक पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वे यूपीए सरकार के दौरान एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं। पार्टी ने पोस्ट में कहा कि सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ा दी। नरेंद्र मोदी ने इसका विरोध किया और कहा कि सरकार ने लोगों से गैस सिलेंडर छीन लिया। कांग्रेस ने कहा कि महंगाई पुरुष मोदी ने जनता को महंगाई के रूप में बड़ा झटका दिया है।
कमलनाथ ने भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने केंद्र सरकार पर घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी करने पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपया की वृद्धि कर केंद्र सरकार ने आम आदमी पर महँगाई का चाबुक चलाया है। भोपाल में अब सिलेंडर की कीमत 858.50 रुपये हो जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में पहले से ही रसोई का बजट आसमान छू रहा था, दाल, सब्ज़ियों, खाद्य तेल, आटा और राशन का दूसरा सामान पहले से ही महंगा है। कमलनाथ ने कहा कि मैं केंद्र सरकार को याद दिलाना चाहता हूं कि केंद्र में जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तो गैस सिलेंडर पर सब्सिडी दी जाती थी। वर्तमान सरकार ने जानबूझकर सब्सिडी समाप्त की और धीरे धीरे गैस सिलेंडर के दाम आसमान पर पहुँचा दिये। यह पूरी तरह से जन विरोधी कदम है।



