हिमांशी नरवाल की ट्रोलिंग पर एनसीडब्ल्यू की कड़ी प्रतिक्रिया
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

हिमांशी नरवाल ने हमले के बाद एक बयान में लोगों से मुसलमानों और कश्मीरियों को निशाना न बनाने की अपील की थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीडब्ल्यू ने कहा कि किसी महिला को उसकी वैचारिक अभिव्यक्ति या व्यक्तिगत जीवन के आधार पर ट्रोल करना निंदनीय है। आयोग ने एक्स पर लिखा, “लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जी की मृत्यु के पश्चात उनकी पत्नी सुश्री हिमांशी नरवाल जी को उनके एक बयान के संदर्भ में सोशल मीडिया पर जिस प्रकार से निशाना बनाया जा रहा है, वह अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।”
एनसीडब्ल्यू ने यह भी कहा कि किसी भी तरह की सहमति या असहमति को शालीनता और संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे में रहकर व्यक्त किया जाना चाहिए।


