राष्ट्रीय सुरक्षा की समीक्षा बैठक: रक्षा मंत्री ने सैन्य प्रमुखों के साथ की अहम चर्चा, पाकिस्तान के हमलों को लेकर बड़ा मंथन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को देश की राष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की। यह उच्चस्तरीय बैठक पाकिस्तान द्वारा भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की हालिया विफल कोशिशों के एक दिन बाद आयोजित की गई।
👉 यह भी पढ़ें:

बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी शामिल हुए। बैठक में उभरती सुरक्षा परिस्थितियों के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गुरुवार रात पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन के ज़रिए भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।
रक्षा मंत्रालय ने इस संदर्भ में बयान जारी कर कहा कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से सक्षम और तैयार है।
भारतीय सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, सशस्त्र बलों ने दुश्मन के ड्रोन और मिसाइल हमलों को प्रभावी ढंग से विफल किया। यह ताज़ा कोशिश पाकिस्तान की उस नाकाम साजिश के महज 24 घंटे बाद की गई, जिसमें उसने देश के 15 शहरों को निशाना बनाने का प्रयास किया था।
बुधवार रात जिन शहरों को पाकिस्तान ने निशाना बनाने की कोशिश की, उनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज शामिल हैं।


