भोपाल। कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सोमवार रात मध्यप्रदेश सरकार ने तीन आईपीएस की एसआईटी गठित कर दी है। यह एसआईटी अब जांच कर सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट देगी।
एसआईटी में तीन वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए हैं, जिनमें पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रमोद वर्मा, उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कल्याण चक्रवर्ती और पुलिस अधीक्षक (एसपी) वाहिनी सिंह हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्पष्ट कहा था कि मंगलवार 20 मई सुबह 10 बजे तक एसआईटी गठित कर दी जाए, जिसमें एक महिला अधिकारी भी शामिल होनी चाहिए। इसके बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने एसआईटी के गठन का आदेश जारी किया था।
👉 यह भी पढ़ें:
उल्लेखनीय है कि मंत्री विजय शाह ने 12 मई को महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताया था। इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर मंत्री के खिलाफ 14 मई को महू के मानपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके खिलाफ विजय शाह सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान विजय शाह के वकील ने कहा कि उनके क्लाइंट ने माफी मांग ली है। इस पर कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि आप लोगों के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। आप पब्लिक फिगर हैं। आपको बोलते समय अपने शब्दों पर विचार करना चाहिए। सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाने के आदेश दिए थे। इसमें कहा था कि इसमें तीन आईपीएस अधिकारी शामिल होंगे। एक आईजी और बाकी दो एसपी लेवल के अफसर होंगे। इनमें एक अधिकारी महिला होना अनिवार्य होगा। सभी अफसर मध्य प्रदेश कैडर के हो सकते हैं, लेकिन राज्य के मूल निवासी नहीं होने चाहिए। एसआईटी 28 मई तक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करेगी।
ये हैं एसआईटी टीम के सदस्य
प्रमोद वर्मा, आईजी सागर रेंज-2001 बैच के आईपीएस प्रमोद वर्मा सागर रेंज के आईजी हैं। फरवरी 2018 में उन्हें सागर का आईजी बनाया गया था। 2022 में केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने उत्कृष्ट सेवा पदक मिला था।
कल्याण चक्रवर्ती, डीआईजी, एसएएफ– 2010 बैच के आईपीएस डी कल्याण चक्रवर्ती भोपाल में पुलिस मुख्यालय में एसएएफ (विशेष सशस्त्र बल) के डीआईजी हैं। वे केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी गए थे। 2020 में उन्हें सीबीआई मंक एसपी बनाया गया था। वे दतिया, खरगोन के एसपी भी रह चुके हैं।
वाहिनी सिंह, एसपी डिंडौरी– 2014 बैच की आईपीएस अफसर वाहिनी सिंह वर्तमान में डिंडौरी जिले की एसपी हैं। मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली वाहिनी सिंह की गिनती ईमानदार महिला पुलिस अफसरों में होती है। वे पहले निवाड़ी जिले की एसपी भी रह चुकीं हैं।


