वाराणसी। वाराणसी में मंगलवार को कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने बड़ागांव थाने पर तैनात दरोगा मिथिलेश समेत चार पुलिसकर्मियों को दौड़ा– दौड़ाकर पीटा। दरोगा को गंभीर हालत में दरोगा को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि शनिवार को बड़ागांव थाने में जमीन के प्रकरण में विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर मंगलवार को दरोगा और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हुआ। इस दौरान अधिवक्ताओं ने दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया।

बताया जाता है कि वकीलों ने उनकी वर्दी फाड़ दी। दरोगा की हालत गंभीर है। सिर–चेहरे पर 3 गहरे घाव हैं। पूरे शरीर पर 13 चोट के निशान हैं। उनके साथ आए सिपाही से भी मारपीट की है। गंभीर अवस्था में दरोगा को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर 6 थानों की करीब 300 पुलिस फोर्स कचहरी चौकी पर तैनात कर दी गई है। घटना के बाद डीएम सत्येंद्र कुमार, डीआईजी शिवहरि मीणा, डीसीपी काशी जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी क्राइम सरवणन टी, एडीएम सिटी आलोक वर्मा जिला जज के पास पहुंचे। बताया जाता है कि बड़ागांव में दो पट्टीदारों का विवाद था। जिसमें हुई मारपीट के बाद दोनों पक्षों का 151 में चालान हुआ था। इसमें एक पक्ष से वकील घायल है और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। आरोप है कि दरोगा मिथलेश प्रजापति ने ही उसे मारा था।


