इंदौर। शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर से शुरू हो रही है। इस बार माता दुर्गा हाथी पर सवार होकर भक्तों का कल्याण करने आ रही हैं। इस बार चतुर्थी तिथि में बढ़ोतरी होने के कारण नौ के बजाय 10 दिनों तक माता की आराधना का अवसर मिलेगा। अष्टमी का व्रत 30 सितंबर को और महानवमी एक अक्तूबर को मनाई जाएगी। दो अक्तूबर को माता को विदाई दी जाएगी। इसी दिन दशहरा भी है।
ज्योतिषियों के अनुसार इस बार माता का आगमन हाथी पर होगा और प्रस्थान मनुष्य के कंधे पर होगा। इस बार नवरात्र का योग देश और दुनिया के लिए सुखदायक है। नवरात्र में तिथि की बढ़ोतरी अच्छी मानी जाती है। ये संकेत है कि आने वाला समय सुख, समृद्धि से परिपूर्ण होगा। दो अक्तूबर को माता को विदाई दी जाएगी और विजयादशमी मनाई जाएगी।
हस्त नक्षत्र में होगी घटस्थापना
नवरात्रि की शुरुआत इस बार बेहद शुभ मानी जा रही है क्योंकि इस दिन शुक्ल और ब्रह्म योग जैसे सकारात्मक संयोग बन रहे हैं। इन योगों में पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और घर में सुख–शांति और समृद्धि आती है। शारदीय नवरात्र की शुरुआत प्रतिपदा तिथि पर होगी। इस दिन सुबह से ही हस्त नक्षत्र लग रहा है। इस दौरान कलश स्थापना बहुत शुभकारी मानी जाती है। इसके साथ इस दिन पूरे दिन शुक्ल योग भी मिल रहा है।
माता के 9 रूप
–शैलपुत्री – हिमालय की बेटी, शक्ति का पहला रूप
–ब्रह्मचारिणी – कठोर तप करने वाली देवी
-चंद्रघंटा – सौंदर्य और साहस की प्रतीक
–कुष्मांडा – सृष्टि की रचनाकार
–स्कंदमाता – भगवान कार्तिकेय की माता
–कात्यायनी – तकदीर लिखने वाली मां
-कालरात्रि – बुराइयों का नाश करने वाली
–महागौरी – तपस्या से गौर वर्ण प्राप्त करने वाली
–सिद्धिदात्री – सिद्धियों को देने वाली देवी
घटस्थापना मुहूर्त
प्रतिपदा तिथि प्रारंभ : 21 सितंबर, 2025 मध्यरात्रि 1.24 बजे से
प्रतिपदा तिथि समाप्त : 22 सितंबर, 2025 मध्यरात्रि 2.55 बजे
हस्त नक्षत्र : सुबह 11.55 बजे के बाद
अमृत मुहूर्त : सुबह 6.19 बजे से 7.49 बजे तक
शुभ मुहूर्त : सुबह 9.14 बजे से 10.49 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11.55 से 12.43 बजे तक रहेगा
इस बार दो दिन चतुर्थी
22 सितंबर : प्रतिपदा तिथि
23 सितंबर : द्वितीय तिथि
24 सितंबर : तृतीया तिथि
25 सितंबर : चतुर्थी तिथि
26 सितंबर : चतुर्थी तिथि
27 सितंबर : पंचमी तिथि
28 सितंबर : षष्ठी तिथि
29 सितंबर : सप्तमी तिथि
30 सितंबर : अष्टमी तिथि
01 अक्टूबर : नवमी तिथि
02 अक्टूबर : दशहरा


