पाकिस्तान में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। शारजाह से कराची जा रहा एक निजी कार्गो विमान अरब सागर में लापता होने के बाद उसका मलबा बरामद कर लिया गया है। हालांकि, विमान में सवार पांचों चालक दल के सदस्यों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को लापता हुए इस मालवाहक विमान का मलबा ओरमारा तट से करीब 53 समुद्री मील दक्षिण में मिला। मलबे की तलाश के लिए पाकिस्तान नौसेना और पाकिस्तान मैरीटाइम सिक्योरिटी एजेंसी ने करीब 12 घंटे तक समुद्र में संयुक्त अभियान चलाया।
👉 यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने बताया कि विमान में सवार चालक दल की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। इस अभियान में पाकिस्तान नौसेना और वायुसेना भी सक्रिय रूप से शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:21 बजे विमान रडार पर अचानक तेजी से नीचे उतरता दिखाई दिया। इसके बाद उसकी दिशा भी अचानक बदल गई और कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान का रडार और संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया।
लापता विमान बोइंग 737 कार्गो एयरक्राफ्ट था, जिसे कराची स्थित निजी एयरलाइन K2 Airways संचालित कर रही थी। विमान में कुल पांच क्रू सदस्य सवार थे, फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और बचाव दल समुद्र में लापता क्रू सदस्यों की तलाश में जुटा हुआ है।



