इस्लामाबाद। लश्कर–ए–तैयबा के कमांडर कासिम ने ऑपरेशन सिंदूर की सच्चाई बताकर पाकिस्तान की पोल खोल दी है। भारत के ऑपरेशन में बर्बाद मुरिदके के लश्कर–ए–तैयबा के मुख्यालय से उसने वीडियो जारी कर कहा कि यहां आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी जाती है। भारत के हमले में ये ट्रेनिंग कैंप पूरी तरह से बर्बाद हो गया था। उसने यह भी खुलासा किया कि अब फिर से इस ट्रेनिंग कैंप को पाकिस्तान बनवा रहा है और पिछली बार से भी ज्यादा बड़ा इसे बनवाने की तैयारी चल रही है।
मुरिदके के मरकज़–ए–तैयबा कैंप के सामने खड़े होकर कासिम ने माना कि वहां दहशतगर्दों (मुजाहिदीन और तलबा) को ट्रेनिंग दी जाती थी और यही उनकी फतह थी। कासिम ने कहा कि अब यहां पहले से भी बड़ा कैंप बनाया जाएगा। एक और वीडियो में वह युवाओं से दौरा–ए–सफ़्फ़ा नामक ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने की अपील करता दिखा, जिसमें धार्मिक ब्रेनवॉशिंग और आतंकी ट्रेनिंग दी जाती है। कासिम ने एक वीडियो में कहा–बिस्मिल्लाह उर रहमान उर रहीम… इस वक्त मरकज साहिबा मुरीदके में जामिया मस्जिद…, जिसे हमले में तबाह कर दिया गया था। अब उसकी तामिरी… का सिलसिला जारी है। अल्लाह के फजलो करम से ये मस्जिद पहले से बहुत बड़ी बनेगी। अल्लाह तआला इस मस्जिद को अपने बंदों के लिए आबाद करे. यहां से बड़े मुजाहिद्दीन नमाजें पढ़कर गए हैं। अल्लाह तआला इस मस्जिद को आबाद करे।


