कनाडा में पिछले दस वर्षों से पंजाबी रेडियो और टीवी होस्ट के रूप में पहचान बनाने वाली 47 वर्षीय सुखविंदर कौर संघा को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में साढ़े पांच साल की सजा सुनाई गई है। वर्ष 2021 में उन्हें अमेरिका से मेथ तस्करी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। अदालत का यह फैसला उनके द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद आया।
पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों की कीमत लगभग 10 लाख से 1 करोड़ डॉलर के बीच आंकी गई थी। वहीं, बचाव पक्ष का कहना है कि संघा ने यह कदम मजबूरी में उठाया, क्योंकि किसी ने उनके बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी और उनसे डेढ़ लाख डॉलर की मांग की गई थी। अभियोजन पक्ष ने 10 से 12 साल की सजा की मांग की थी, जबकि बचाव पक्ष ने दो साल की नजरबंदी और तीन साल की निगरानी अवधि की अपील की थी।
18 अक्टूबर 2021 को संघा फ्लोरिडा नंबर प्लेट वाली किराए की कार से अमेरिका-कनाडा सीमा पार कर रही थीं। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह वाशिंगटन में अपनी मौसी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रही हैं। जब अधिकारियों ने उनकी कार की तलाशी लेने के लिए रोका, तो उन्होंने गाड़ी भगा दी, लेकिन पीछा कर रहे अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया।
जांच के दौरान कार से मादक पदार्थों से भरे बैग, दो मोबाइल फोन और एक मिटाया गया टैबलेट बरामद हुआ। यह भी सामने आया कि उसी वर्ष अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में उन्होंने अमेरिका की तीन और यात्राएं की थीं, हालांकि उन यात्राओं में मादक पदार्थ लाने की पुष्टि नहीं हो सकी।
सुखविंदर कौर संघा पंजाबी भाषा की निर्माता और होस्ट थीं और करीब एक दशक तक इस क्षेत्र में सक्रिय रहीं। उन्होंने कई राजनेताओं, पुलिस अधिकारियों और प्रसिद्ध हस्तियों के साक्षात्कार लिए थे।
समाज में सक्रिय रहने वाली संघा युवाओं को अपराध और मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूक करती थीं।


