नैनीताल में भीषण आग: ओल्ड लंदन हाउस राख, एक शव बरामद
उत्तराखंड के नैनीताल में बुधवार देर रात मल्लीताल बाजार स्थित ओल्ड लंदन हाउस में भीषण आग लग गई।
लकड़ी से बने इस ऐतिहासिक भवन को आग ने पूरी तरह से जलाकर ख़ाक कर दिया। राहत-बचाव अभियान के दौरान एक शव बरामद किया गया है।

नैनीताल के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, जिला आपदा परिचालन केंद्र को 27 अगस्त की रात को आग लगने की सूचना मिली थी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, सितारगंज और रुद्रपुर से अतिरिक्त अग्निशमन वाहन और पानी के टैंकर मंगवाए । सेना और वायुसेना की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया।
प्रशासन के मुताबिक एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फ़ायर यूनिट और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से आग पर काबू पाया गया।सर्च ऑपरेशन में एक शव बरामद हुआ।