कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने फिर साधा असम के सीएम सरमा पर निशाना, पत्नी के बाद अब भाई के विदेशी लिंक पर खड़े किए सवाल

Date:

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक बार फिर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर हमला बोला है। सरमा की पत्नी द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के बाद से खेड़ा कहीं गायब हैं, लेकिन उन्होंने एक वीडियो जारी कर अब सीएम के भाई पर आरोप लगाए हैं।

पवन खेड़ा ने कहा कि सीएम सरमा का भाई असम पुलिस में है, उनकी पत्नी और बेटे दुबई में रहते हैं। उनका बच्चा दुबई इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता है, जिसकी फीस 21 लाख सालाना है। क्या यह सच है? हम राजनीति में परिवार को टारगेट नहीं करना चाहते, लेकिन बस इस सवाल का जवाब चाहते हैं। क्योंकि आप चुनाव को देख रहे हैं और हम असम के लोगों और उनकी उम्मीदों को देख रहे हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि इजिप्ट का पासपोर्ट, गोल्डन वीजा ऑफ यूएई और एंटीगुआ का पासपोर्ट असली है या नकली, इसकी जांच होनी चाहिए। क्या आपने या आपके परिवार के किसी सदस्य या किसी एजेंट ने फेक केवाईसी दस्तावेज के जरिए ये सेल कंपनियां खोलीं और संपत्ति खरीदी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है। केंद्र सरकार का कर्तव्य इन मामलों की जांच करना है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पवन खेड़ा का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो असम मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े विदेशी लिंक पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इस वीडियो के साथ लिखा कि मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा एक अज्ञात स्थान से असम के भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के लिए नए खुलासे और कुछ और सवाल लेकर आए हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हुए हैं। बजाए सवालों का जवाब देने के अपनी पुलिस की धौंस दिखा रहे हैं।

खेड़ा ने कहा-मेरे पीछे पुलिस भेज रहे

पवन खेड़ा ने वीडियो में कहा कि पिछले दो दिनों से असम के मुख्यमंत्री और पुलिस मेरे खिलाफ अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। दिल्ली स्थित मेरे फ्लैट पर मेरी और मेरे परिवार की गैर-मौजूदगी में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस वाले मेरे घर से फोन और लैपटॉप समेत कुछ उपकरण उठाकर ले गए। अब मैं जहां भी जाता हूं, ये मेरे पीछे पुलिस भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सवाल पूछने के अलावा कोई गुनाह तो नहीं किया। बड़ा सवाल यह है कि भाजपा मुझे और मेरी पार्टी को चुप क्यों कराना चाहती है, बजाय इसके कि उनको सवालों का जवाब देने में क्या परेशानी है। अगर उनको लगता है कि हम डर जाएंगे तो यह उनका मुगालता है। मैं मेवाड़ का रहने वाला हूं, कांग्रेसी हूं और राहुल गांधी का सिपाही हूं। ऐसे में डरने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता।

तेलंगाना हाईकोर्ट में लगाई जमानत अर्जी

पवन खेड़ा ने तेलंगाना हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर असम में दर्ज मामले में अग्रिम जमानत मांगी है। यह मामला तब दर्ज किया गया था जब उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर आरोप लगाए थे। हालांकि उनकी याचिका अभी सूचीबद्ध नहीं हुई है। दरअसल असम पुलिस लगातार पवन खेड़ा की तलाश कर रही है और उसने दिल्ली में खेड़ा के आवास पर छापेमारी भी की थी।

Harish Fatehchandani
Harish Fatehchandanihttp://www.hbtvnews.com
Harish Fatehchandani is a dedicated journalist with over a decade of experience in the media field. He is respected for his consistent and honest reporting.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related