नई दिल्ली। नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद को सबसे पहले भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि यही उनकी सबसे बड़ी पहचान और गर्व है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन अब सिर्फ उनके अध्यक्ष नहीं हैं, बल्कि वे उनके बॉस हैं। मोदी ने साफ किया कि नितिन नबीन की जिम्मेदारी सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं है, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाए रखना भी उनकी अहम भूमिका होगी। पीएम मोदी ने पार्टी के लंबे संगठनात्मक संघर्ष और विस्तार को याद किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। इसके बाद वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी के समय संगठन का व्यापक विस्तार हु। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने अपने दम पर केंद्र में सरकार बनाई, जबकि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और दूसरी बार केंद्र की सत्ता में लौटी। जेपी नड्डा के कार्यकाल में पार्टी पंचायत से लेकर संसद तक और अधिक मजबूत हुई।
👉 यह भी पढ़ें:
- भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में नितिन नबीन ने दिए कई संदेश, कहा-राजनीति भोग नहीं, त्याग है
- भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नबीन के सामने पश्चिम बंगाल-असम सहित कई राज्यों की चुनावी वैतरणी पार करने की चुनौती
- 20 जनवरी को BJP को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन बनेंगे सबसे युवा अध्यक्ष
- बिहार के रास्ते बंगाल में घुसने की कोशिश में भाजपा, इसीलिए लगाया युवा नितिन नबीन पर दांव, मोदी-शाह से नजदीकियां भी आईं काम
पीएम मोदी ने नितिन नबीन के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि जो भी उनके संपर्क में आया, उसने उनकी सरलता, सहजता और व्यवहारिकता की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए बेहद निर्णायक हैं, क्योंकि इसी अवधि में विकसित भारत का निर्माण होना है और इसमें भाजपा की भूमिका ऐतिहासिक होगी। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी से आते हैं, जिन्होंने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों को अपनी आंखों से देखा है। यही अनुभव उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाता है। उन्होंने याद दिलाया कि इस वर्ष जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं और उसी विचारधारा से भाजपा का जन्म हुआ है।
भाजपा राजनीतिक दल नहीं, परिवार है
पीएम मोदी ने भाजपा को केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संस्कार और परिवार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में सदस्यता से ज्यादा रिश्तों का महत्व है। यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा वही रहती है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सोच राष्ट्रीय है, लेकिन उसका जुड़ाव स्थानीय स्तर पर है।


