दार्जिलिंग। दार्जिलिंग में बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। यहां भूस्खलन और पुल टूटने की घटनाओं में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग लापता भी हैं। सड़क यातायात प्रभावित है और कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दार्जिलिंग में पुल ढहने की घटना पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जान–माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
- पीएम मोदी से मिले अमेरिका के विदेश मंत्री रूबियो, व्हाइट हाउस आने का दिया निमंत्रण
- झालमुड़ी से भी ज्यादा तीखी निकली पीएम मोदी की मेलोडी, विपक्ष को लगी मिर्ची, सोशल मीडिया पर भी सिर्फ इसी की चर्चा
- पीएम मोदी खुद दो गाड़ियों के काफिले में निकले, फिर भी नहीं मान रहे भाजपा के सीएम, छह से आठ गाड़ियों के नीचे नहीं भर रहा मन
- सोमनाथ मंदिर के अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी, 11 तीर्थों के जल से किया कुंभाभिषेक
इधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इन घटनाओं पर चिन्ता जताई है। एक्स पर राष्ट्रपति भवन की तरफ से किए पोस्ट में लिखा गया– पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुई दुखद जनहानि अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं बचाव एवं राहत कार्यों की सफलता की प्रार्थना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
कई स्थानों पर भूस्खलन, लोहे का पुल ढहा
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के कारण दुधिया में लोहे के पुल का एक हिस्सा ढह जाने के बाद सिलीगुड़ी–दार्जिलिंग एसएच-12 सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। बताया जाता है कि सबसे बड़ा भूस्खलन मिरिक–सुखियापोखरी रोड के पास हुआ। कई घर बह गए हैं। लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की मदद से राहत अभियान चल रहा है।


