नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान यात्रा से लौट आए हैं। लौटते ही वे सीधे लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचे। पीएम मोदी ने वहां लाल किले के पास हुए बम धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने घायलों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। इस दौरान, वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री मोदी को पीड़ितों की स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा–दिल्ली में हुए बम विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल गयार। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि साजिश रचने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए शक्तिशाली धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह धमाके के कुछ देर बाद ही अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों को इलाज में किसी भी तरह की देरी न करने के निर्देश दिए थे।


