दिवाली और छठ पर चलेंगी 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।। वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है।

रेलवे नेटवर्क में बड़े बदलाव
मंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में लगभग 35,000 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं, जबकि 99% रेलवे नेटवर्क (लगभग 60,000 किमी) का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
वर्तमान में 150 वंदे भारत और 30 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान कर रही हैं।
स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा प्रणाली
वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा चुका है, जिनमें से 110 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है। शेष स्टेशनों पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-मुंबई जैसे प्रमुख मार्गों पर स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली “कवच” लगाई जा रही है। अब तक 1,200 इंजनों पर कवच प्रणाली स्थापित की जा चुकी है।
यात्री सुविधाओं में सुधार
रेल मंत्री ने बताया कि हर साल लगभग 7,000 कोच तैयार किए जा रहे हैं, साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए 3,500 सामान्य कोच जोड़े गए हैं।


