इंदौर। जिस डायमंड कॉलोनी की जमीन के विवाद में कनाड़िया थाने के पुलिसकर्मियों से झड़प हुई थी, उसका पूरा खेल एक जेल रिटर्न भूमाफिया ने जमाया है। इंदौर के स्वर्गीय हो चुके नामी भूमाफिया की इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में जेल रिटर्न भूमाफिया ने पूरी साजिश रची। पुलिस से झड़प के बाद धीरे-धीरे इस मामले की पोल खुल रही है। यह सारा मामला पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आ चुका है।
दो लाख वर्गफीट की जमीन का मामला
आला अधिकारियों ने जब इस विवाद के जड़ में जाने की कोशिश की तो पता चला कि डायमंड कॉलोनी में एक स्वर्गीय भूमाफिया की दो लाख चार हजार वर्गफीट जमीन है। फिलहाल इस जमीन पर 65 से 70 कब्जेधारी हैं। जेल रिटर्न भूमाफिया का इस जमीन से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन उसने स्वर्गीय हो चुके भूमाफिया के बेटे पर दबाव बनाकर इसमें 45 प्रतिशत का पार्टनर बन गया। सूत्र बताते हैं कि 2019 में ही स्वर्गीय भूमाफिया पैसे लेकर इससे बाहर हो गए थे, फिर अचानक उनका बेटा इसमें कैसे आ गया?
👉 यह भी पढ़ें:
- डायमंड कॉलोनी में पुलिसकर्मियों की पिटाई मामले में पुलिस आयुक्त का सख्त एक्शन, आरोपियों पर केस दर्ज
- डायमंड कॉलोनी के जमीन विवाद में पिटाई खाने के बाद भी आखिर क्यों चुप है पुलिस, क्या उज्जैन कनेक्शन ने सबके मुंह पर मारा ताला?
- इंदौर के भूमाफियाओं ने बदला अपने काम का पैटर्न, अब पुलिस को साथ लेकर शासन और प्रशासन को दे रहे खुली चुनौती
- कलेक्टर बदलते ही कई बार जेल जा चुके भूमाफिया दीपक मद्दा का खेल शुरू, त्रिशला गृह निर्माण संस्था पर कब्जे की तैयारी, सारे नियमों को ताक पर रख लड़ रहा है चुनाव
- ओम बिरला की बेटी की शादी में भूमाफिया दीपक मद्दा, वीवीआईपी की सुरक्षा में आखिर किसने लगाई सेंध
- जेल से बाहर आते ही भूमाफिया दीपक मद्दा का खेल शुरू, सहकारिता विभाग के एक इंस्पेक्टर और मंत्री का भी मिला साथ
इंदौर के करीबी जिले के नाम से खेल
जेल रिटर्न भूमाफिया ने इस जमीन के 45 प्रतिशत हिस्सेदारी का एक अन रजिस्टर्ड कच्चा एग्रीमेंट बनवाने के बाद 5 प्रतिशत हिस्सेदारी इंदौर के पास वाले जिले से कनेक्शन रखने वाले भूमाफिया को दे दी। जिसका नाम अब इस मामले में सामने आ रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि उसके माध्यम से इसने कई काम भी साधे।
अब कर रहा पीछा छुड़ाने की कोशिश
जेल रिटर्न भूमाफिया 5 प्रतिशत हिस्सेदारी इंदौर के पास वाले एक जिले से कनेक्शन रखने वाले भूमाफिया को देने के बाद अब उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह शहर के एक प्रसिद्ध उद्योगपति के पास 30 करोड़ रुपए मांगने गया था। उसने उद्योगपति से कहा कि वह इस जमीन में फंस गया है, अगर 30 करोड़ मिल जाएं तो इससे पीछा छूटे।
अब खुद इस मामले से बाहर होने में जुटा
सूत्र बताते हैं कि जेल रिटर्न भूमाफिया की कोशिश है कि वह 30 करोड़ जुटाकर जमीन के असली मालिक और नए खरीददार के बीच एग्रीमेंट करा दे। इससे वह इस जमीन और सौदे से पूरी तरह बाहर हो जाएगा। अब पूरा मामला उजागर होने के बाद उसकी कोशिशों पर पानी फिरता दिख रहा है।
पूर्व में भी कई लोगों ने हटवाए थे कब्जे
इस जमीन पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में भी बब्बू-छब्बू जैसे गुंडों ने इस जमीन से कब्जे हटवाए थे। एक पार्षद ने भी पहले ऐसी कोशिश की थी, लेकिन बाद में वह पीछे हट गए। यह भी बताया जाता है कि जिसकी जमीन है, उन्होंने मरने से पहले इसका सबकुछ क्लियर कर दिया था, लेकिन जेल रिटर्न भूमाफिया ने इसमें घुसपैठ कर पूरा काम बिगाड़ दिया। जब तक जमीन के मालिक जिन्दा थे, उसने कुछ नहीं किया लेकिन उनके मरने के बाद उसके मन में लालच आ गया। जेल रिटर्न भूमाफिया पहले उनके लिए काम भी करता था।
आला अधिकारियों को पता है पूरा मामला
यह मामला इतना गरमा गया कि आला अधिकारियों ने इसकी जड़ में जाने की कोशिश की। आखिर कौन है जो इंदौर को बदनाम करने के लिए ऐसे खेल कर रहा है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों को इस मामले में शामिल सभी लोगों की जानकारी हो चुकी है। हो सकता है आने वाले दिनों में कोई बड़ी कार्रवाई देखने को मिले।



