फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर गर्डर उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिसके नीचे कई मजदूरों के दबने की सूचना से हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश थमने के बाद काम दोबारा शुरू किया गया। इसी दौरान गर्डर उठाने के दौरान भारी क्रेन का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गई। उस समय मौके पर करीब छह से सात मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन से चार मजदूर क्रेन के नीचे दबने की आशंका जताई जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्लीपर बस पलटी, दारोगा और कैदी समेत 6 की मौत
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भयावह हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया 12 हजार करोड़ के एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, अब दिल्ली से देहरादून का सफर ढाई घंटे में
- यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डबल डेकर बस की टक्कर से 6 की मौत, 13 गंभीर घायल
कई घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया। निर्माण कंपनी के कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीणों और राहत दलों की मदद से क्रेन के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया गया। भारी मशीनरी की सहायता से राहत कार्य तेज किया गया और कई घायल मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बारिश के कारण धंस गई थी मिट्टी
हादसे के बाद निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश के कारण जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिससे क्रेन का संतुलन बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।


