आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास क्षेत्र में दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें बिहार पुलिस के एक दारोगा और एक कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, श्री सरोज ट्रैवल्स की इस बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब बस लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे बस अंडरपास की पुलिया के कंक्रीट डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर बाईं ओर चली गई और एल्युमिनियम गार्ड तोड़ते हुए भारी वाहन लेन में पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, इसलिए बस पलटते ही कई लोग सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे।
करीब 10 मिनट बाद यूपीडा और औरास पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सीएचसी भेजा गया, जहां बिहार के सिवान निवासी दारोगा रविचरण और हरियाणा निवासी कैदी छत्रपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके साथ मौजूद एक सिपाही घायल हो गया। बताया गया कि दारोगा कैदी को बयान दर्ज कराने दिल्ली ले गए थे और वापस लौट रहे थे।
दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे की भारी और हल्के वाहनों की लेन करीब एक घंटे तक बंद रही। यूपीडा ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस हटाकर यातायात बहाल कराया।
घटना की सूचना मिलते ही कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।


