नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि इसमें नोएडा के कई स्कूल भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता स्कूलों में जांच करने पहुंचा, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की खबर नहीं है। कई स्कूलों के बच्चों को घर वापस भेज दिया गया है।
शुक्रवार सुबह-सुबह ही दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों में बम की धमकी वाला कॉल और ईमेल मिला है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंची और पूरे कैंपस की तलाशी ली। जांच में टीम को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। फिलहाल, स्कूल मैनेजमेंट ने सभी बच्चों को घर भेज दिया है और सिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं।
नोएडा के स्कूल ने बम की धमकी मिलने के बाद तुरंत बच्चों के अभिभावकों को मेल के जरिए स्कूल में आज छुट्टी रखने की जानकारी दी।
नॉर्थ दिल्ली में भी सेंट स्टीफन कॉलेज को ऐसी ही धमकी का ईमेल आया है. बम की धमकी सुबह 07:42 पर आई है। इसके अलावा, मयूर विहार-1 के एलकॉन इंटरनेशनल स्कूल में धमकी मामले में पांडव नगर एसएचओ को फोन कर जानकारी दी गई थी। बताया गया था कि स्कूल के प्रिंसिपल की मेल आईडी पर बम की धमकी मिली है। यह मेल सुबह 6.40 पर आया था। सभी स्कूलों में मिले ईमेल की अब साइबर क्राइम टीम जांच कर रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
बुधवार को भी मिली थी धमकी
बताया जाता है कि बुधवार को भी चार स्कूलों को ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी गई थी। एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार स्कूलों को धमकी दी गई है। नोएडा पुलिस ने 12 घंटे के भीतर धमकी देने वाले आरोपी को ढूंढ निकाला था। आरोपी एक नाबालिग है, जो एक नामी स्कूल में पढ़ता है। पुलिस ने बताया कि छात्र को स्कूल जाने का मन नहीं था, इसलिए उसने धमकी दे दी थी।


