नोएडा में श्रमिकों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा, लेकिन मंगलवार को हालात तनावपूर्ण हो गए।
सेक्टर 121 और नोएडा फेज-2 में प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाएं सामने आईं, जिनमें पत्थरबाजी भी शामिल रही। हालात बिगड़ते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके को खाली कराया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गलियों में उतरकर उनकी पहचान शुरू कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके बाद प्रभावित इलाकों में सन्नाटा छा गया है।
जानकारी के अनुसार, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पहले हुए प्रदर्शन के बाद मंगलवार को फिर से प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए और नोएडा फेज-2 में पत्थरबाजी की।
स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अराजक तत्वों को मौके से खदेड़ दिया गया।
प्रशासन किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।


