नई दिल्ली। दिल्ली सरकार द्वारा झुग्गियां तोड़े जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी ने आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी ने लोगों को जहां झुग्गी–वहां मकान की गारंटी दी थी लेकिन उनका मतलब जहां झुग्गी–वहां मैदान था और अब इन्होंने झुग्गियां तोड़कर मैदान बना दिया है। मोदी जी की गारंटी झूठी है। अब आप लोग ध्यान रखना कि कभी भी मोदी जी की झूठी गारंटियों पर भरोसा नहीं करना है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इसी जंतर मंतर से आम आदमी पार्टी ने अपना आंदोलन शुरू किया था। आज फिर से झुग्गियों को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपना आंदोलन शुरू किया है। दिल्ली की झुग्गियों में 40 लाख लोग रहते हैं। यदि भाजपा ने दिल्ली की झुग्गियों को तोड़ना बंद नहीं किया तो रेखा गुप्ता की सरकार पांच साल नहीं चल पाएगी। भाजपा की सरकार ने पांच महीने में दिल्ली की व्यवस्था को बेकार कर दिया है।
👉 यह भी पढ़ें:
- Jantar Mantar Protest पर सियासी संग्राम! मनीष सिसोदिया का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- ‘युवाओं की आवाज से क्यों घबरा गई कांग्रेस?’
- बंगाल के चुनाव परिणाम पर बोले अरविंद केजरीवाल-भाजपा ने जनतंत्र को हाईजैक कर लिया
- शराब नीति मामला में दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को भेजा नोटिस, राउज एवेन्यू कोर्ट से हुए थे बरी
- आबकारी घोटाले में क्लीन चिट मिलने के बाद जंतर-मंतर पर गरजे अरविन्द केजरीवाल- जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारा
आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में 24 घंटे बिजली थी
केजरीवाल ने कहा कि फरवरी में जब आम आदमी पार्टी की सरकार गई थी। उस समय दिल्ली में 24 घंटे बिजली आया करती थी लेकिन अब लंबे–लंबे पावर कट लग रहे हैं। भाजपा मुफ्त बिजली की स्कीम को बंद कर देगी। दिल्ली के निजी स्कूलों ने मनमाना फीस बढ़ाना शुरू कर दिया है जबकि आपकी सरकार में निजी स्कूल फीस नहीं बढ़ा पा रहे थे। दिल्ली में पानी को लेकर हाहाकार है। हफ्तों तक पानी नहीं आ रहा।
भाजपा और कांग्रेस को अमीरों की पार्टी बताया
केजरीवाल ने आगे कहा कि भाजपा के पांच साल के बाद दिल्ली 50 साल पीछे चली जाएगी। दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा की सरकार एक जैसा ही काम करती है। दोनों दिल्ली में मिलकर चुनाव लड़ते हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी तब भी काफी झुग्गियों को तोड़ा जाता था। भाजपा और कांग्रेस अमीरों की पार्टी है और वह केवल अमीरों के लिए ही काम करती है।


