नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को भुज एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। रक्षामंत्री ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। समय आने पर पूरी पिक्चर दिखा देंगे।
रक्षामंत्री सिंह ने भुज में कहा कि यह कोई छोटी बात नहीं है कि हमारी एयरफोर्स की पहुंच पाकिस्तान के हर कोने तक है, यह बात पूरी तरह साबित हो चुकी है। आज स्थिति यह है कि भारत के फाइटर प्लेन बिना सरहद पार किए ही, यहीं से उनके हर कोने तक प्रहार करने में सक्षम हैं। पूरी दुनिया ने देख लिया है कि कैसे आपने पाकिस्तान की धरती पर मौजूद, आतंकवाद के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, बाद में की गई कारवाई में उनके अनेक एयरबेस तबाह कर दिए।
👉 यह भी पढ़ें:
- ऑपरेशन सिंदूर पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह-मर्जी से 72 घंटे में खत्म किया, वरना हम लंबी लड़ाई के लिए तैयार थे
- पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को ललकारा, कहा-बंगाल पर नजर उठाई तो खुदा ही जाने कितने टुकड़े होंगे
- राजनाथ सिंह का बयान ; ख्वाजा आसिफ की धमकी , बढ़ा तनाव
- पाकिस्तान पर बरसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कहा-अमेरिका-ईरान जंग की आड़ में भारत के खिलाफ गंदी हरकत कर सकता है पड़ोसी
राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ करते हुए कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को तो पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है। हमारे देश में एक कहावत काफी पुरानी है और वह है – दिन में तारे दिखाना। मगर भारत में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान को रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया है। भारत के जिस एयर डिफेंस सिस्टम की तारीफ हर तरफ हो रही है, उसमें डीआरडीओ द्वारा बनाये गए आकाश और अन्य राडार सिस्टम की जबरदस्त भूमिका रही है।
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इंडियन एयरफोर्स ने केवल पराक्रम ही नहीं दिखाया है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने प्रमाण भी दिया है। प्रमाण इस बात का कि अब भारत की युद्ध नीति और तकनीकी दोनों बदल चुकी है। आपने नए भारत का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह संदेश है कि अब भारत केवल विदेशों से आयात किए गए हथियारों और प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर नहीं है,बल्कि भारत में बने अस्त्र और शस्त्र भी हमारी सैन्य शक्ति का हिस्सा बन चुके हैं। अब भारत में बने और भारतीय हाथों से बने हथियार भी अचूक और अभेद हैं, यह पूरे विश्व ने देख लिया है।


