पटना। बिहार में अब एम्बुलेंस भी सुरक्षित नहीं है। यहां के गयाजी में होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान एक महिला बेहोश हो गई। उसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में एम्बुलेंस ड्राइवर और टेक्नीशियन ने मिलकर रेप किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एम्बुलेंस ड्राइवर और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि पीड़िता के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। सूचना के 2 घंटे के अंदर एंबुलेंस चालक विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने बताया कि अस्पताल ले जाने के क्रम में चलती एंबुलेंस के अंदर चालक और कर्मियों ने रेप की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बोधगया एसडीपीओ सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर घटना में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए दोनों अभियुक्तों की पहचान की गई। इस मामले में बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
उल्लेखनीय है कि युवती गयाजी में बीएमपी-3 में होमगार्ड भर्ती के लिए दौड़ की परीक्षा देने आई थी। इसी बीच उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। उसी दौरान एम्बुलेंस में दो युवकों ने उसके साथ रेप किया। अस्पताल पहुंचने के बाद जब लड़की को होश आया, तो उसने अस्पताल के डॉक्टरों को अपने साथ हुए बलात्कार की जानकारी दी।


