पटना। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अन्य दलों की तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पूरी ताकत से जुट गए हैं। शुक्रवार को वे बिहार में थे और इस दौरान उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए बिहार को क्राइम कैपिटल बता दिया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राहुल का यह दांव कहीं उल्टा न पड़ जाए। इसके साथ ही उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर जमकर निशाना साधा। नालंदा के राजगीर में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार, जिसे कभी शांति और न्याय की भूमि माना जाता था, अब भारत की अपराध राजधानी बन गया है। राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना पर कहा कि उन्हें इस बात की आशंका है कि क्या केंद्र यह जनगणना ठीक से करा पाएगा, जबकि प्रश्नावली को अंतिम रूप देने वालों में ओबीसी, दलित या आदिवासी समुदायों का कोई भी अधिकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कभी भी असली जाति जनगणना नहीं कराएगी, क्योंकि जिस दिन असली जाति जनगणना करा देंगे, उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। जाति जनगणना के दो मॉडल हैं- एक भाजपा मॉडल और दूसरा तेलंगाना मॉडल। भाजपा मॉडल में अधिकारी बंद कमरे में सवाल तय करेंगे। अधिकारियों के चुने हुए समूह में ओबीसी, दलित या आदिवासी समुदाय का कोई अधिकारी नहीं है। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है।
आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटाएंगे
राहुल गांधी ने कहा कि मैं संविधान को बचाने और देश की समग्र बेहतरी के लिए जाति जनगणना के लिए लड़ रहा हूं। भविष्य में हम जब भी सरकार बनाएंगे आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे। इसकी शुरुआत बिहार से होगी। प्रधानमंत्री हर भाषण में कहते थे कि मैं ओबीसी से हूं। फिर जाति आधारित गणना पर वह कहते हैं कि भारत में कोई जाति नहीं है। कांग्रेस नेता ने आश्चर्य व्यक्त किया कि अगर देश में कोई जाति है ही नहीं तो नरेन्द्र मोदी ओबीसी कैसे हो गए?’
ट्रंप का फोन और मोदी का सरेंडर
राहुल गाधी ने भारत-पाकिस्तान के युद्ध विराम को लेकर कहा कि ट्रंप की तरफ से एक फोन कॉल आया और नरेन्द्र मोदी जी ने तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया। ट्रंप ने खुद कम से कम 11 बार सार्वजनिक रूप से इस बारे कहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं। मुझे पता है कि उनके पास इस पर कहने के लिए कुछ नहीं है।
दशरथ मांझी के परिजनों से मिले
राहुल गांधी गयाजी शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर गेहलौर में दशरथ मांझी स्मारक पर गए। उन्होंने दशरथ माझी के परिजनों से मुलाकात भी की। दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ हाल में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जद (यू) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट चाहते हैं।
गयाजी में महिलाओं से किया संवाद
राहुल गांधी गयाजी में एक रिसॉर्ट में महिलाओं से संवाद भी किया। इसके बाद उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि समाज को महिलाएं चलाती हैं, लेकिन अभी महिलाओं को वो जगह नहीं मिली है। सरकार, ब्यूरोक्रेसी देख लीजिए महिलाओं की स्थिति क्या है। राहुल ने कहा कि हम चाहते हैं कि ये बदले। बिहार में हर फिल्ड में महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं। हमने मैनिफेस्टो में 2500 रुपए देने की बात कही है। जो बच्चे पढ़ लेते हैं डिग्री पा लेते हैं, डिग्री के बाद वो रोजगार नहीं पा पाते।
छठवीं बार किया बिहार दौरा
राहुल गांधी चुनावी साल में जून तक छह बार बिहार का दौरा कर चुके हैं। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिले नालंदा को चुना। नालंदा में भी राजगीर को चुना, जहां नीतीश कुमार ने सबसे ज्यादा विकास कार्य किया है। नीतीश कुमार के क्षेत्र में उनका जोरदार स्वागत भी हुआ, लेकिन राजनीतिक जानकार कह रहे हैं कि राहुल का बिहार को क्राइम कैपिटल बताना भारी पड़ सकता है। अब जदयू और भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा चुनाव तक छोड़ने वाली नहीं है। इससे कहीं कांग्रेस को नुकसान न हो जाए।


