मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार 30 अप्रैल को शेयर बाजार में भारी गिरावट नजर आई। सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुले। बीएसई सेंसेक्स करीब 910.03 अंक की भारी गिरावट के साथ 76,586.33 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 282.80 अंक फिसलकर 23,894.85 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
आज के शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर सबसे अधिक गिरावट वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, इटरनल, इंटरग्लोब एविएशन, एमएंडएम और एक्सिस बैंक शामिल हैं, जबकि तेजी वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, कोल इंडिया, ओएनजीसी, बजाज फिनसर्व और डॉ. रेड्डीज लैब्स शामिल हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन हरे निशान में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
- सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को लाल निशान में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के
- सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में हरियाली, सेंसेक्स और निफ्टी चढ़े
- सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन लाल निशान में शेयर बाजार
ब्रॉड मार्केट और सेक्टोरल मार्केट में बिकवाली
आज गिरावट केवल लार्जकैप तक सीमित नहीं रही, बल्कि ब्रॉड मार्केट और सेक्टोरल इंडेक्स दोनों में व्यापक बिकवाली देखने को मिली। ब्रॉड मार्केट इंडेक्स में लगभग 0.9%–1% तक की गिरावट दर्ज हुई, जो बताती है कि बाजार में बिकवाली व्यापक रही। NIFTY 100 करीब 1% टूटा, जबकि NIFTY 200 और NIFTY 500 में भी समान गिरावट दिखी। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी दबाव में रहे। NIFTY Midcap 100 में करीब 1% की गिरावट रही, जबकि NIFTY Smallcap 100 में भी कमजोरी दिखी।
बैंकिंग, ऑटो और रियल्टी में ज्यादा गिरावट
सेक्टोरल फ्रंट पर लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में रहे, लेकिन कुछ सेक्टरों में गिरावट ज्यादा तेज रही। निफ्टी बैंक 1.21% गिरा, जबकि निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी पीएसयू में भी 1% से ज्यादा की गिरावट रही। यह संकेत देता है कि बाजार के हैवीवेट शेयरों में बिकवाली तेज है। निफ्टी ऑटो 1.50% और निफ्टी रियलटी 1.55% टूटे। ये दोनों सेक्टर हाई बीटा कैटेगरी में आते हैं, इसलिए गिरावट में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। इसके अलावा निफ्टी मेटल और निफ्टी पीएसयू बैंक में भी 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई।
1371 शेयरों में दिख रही भारी गिरावट
कारोबार की शुरुआत में ही गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़ने वाले शेयरों से कहीं अधिक रही। आंकड़ों के अनुसार करीब 1,371 शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सिर्फ 873 शेयर ही बढ़त बनाने में कामयाब रहे। वहीं, लगभग 137 शेयरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। बैंकिंग, ऑटो और आईटी सेक्टर के दिग्गजों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई, जिसके कारण बाजार संभल नहीं पाया।
एशियाई बाजारों के हाल
वॉल स्ट्रीट में रात भर हुई गिरावट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते गुरुवार सुबह एशियाई इंडेक्स निचले स्तर पर खुले। छुट्टी के बाद ट्रेडिंग शुरू होने पर जापानी बाजारों में गिरावट देखने को मिली। बेंचमार्क निक्केई 225 में 0.91% की गिरावट आई, जबकि टॉपिक्स 1.48% नीचे फिसल गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.36% ऊपर रहा, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक 0.25% नीचे रहा। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स पिछली बार 25,729 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि बुधवार को इंडेक्स की 26,111.84 पर क्लोजिंग हुई थी।
कच्चे तेल की कीमतों में आग
जानकार शेयर बाजार में गिरावट की वजह कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि बता रहे हैं। अमेरिका द्वारा ईरान पर दबाव बढ़ाए जाने के बाद कच्चे तेल की कीमतें $120 प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है, ऐसे में तेल महंगा होने से देश के व्यापार घाटे और महंगाई बढ़ने का डर सताने लगा है।


