भोपाल। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल के पास सोनकच्छ टोल प्लाजा पर एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3.016 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपए आंकी गई है।
दिल्ली से बस में आ रहा था आरोपी
DRI को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि दिल्ली से बस के जरिए आ रहा एक व्यक्ति अपने साथ मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर 17 नवंबर की सुबह DRI की टीम ने भोपाल के नजदीक सोनकच्छ टोल प्लाजा पर बस को रोककर संदिग्ध यात्री को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लैपटॉप बैग में एक गुप्त जगह बनाकर छिपाया गया भूरे रंग का पैकेट मिला। इसमें सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था, जिसका वजन 3.016 किलोग्राम निकला।
👉 यह भी पढ़ें:
अधिकारियों ने मौके पर NDPS फील्ड टेस्ट किट से पदार्थ की जांच की। जांच में एम्फेटामाइन ड्रग्स होने की पुष्टि हुई। इसके बाद DRI ने पूरी खेप जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2.40 करोड़ है कीमत
DRI अधिकारियों के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 2.40 करोड़ रुपए है। मामले में ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत, इसके गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। DRI ने कहा है कि वह केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी।



