आतंकवाद के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ संदेश लेकर पनामा सिटी पहुंचा भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ अपने ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ रुख को वैश्विक मंच पर और मजबूती से रखने के लिए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को विदेश भेजा है। यह प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में पनामा सिटी पहुंच चुका है, जिसकी अगुवाई कांग्रेस सांसद शशि थरूर कर रहे हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
पनामा सिटी में अपने संबोधन के दौरान शशि थरूर ने कहा, “प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ क्यों जरूरी था। इन आतंकवादियों ने महिलाओं को उनके पतियों, पिताओं और पूरे विवाहित जीवन से दूर कर दिया — उन्होंने उनके माथे का सिंदूर मिटा दिया।”
थरूर ने भावुक शब्दों में बताया कि “कुछ महिलाओं ने आतंकवादियों से सामने चीखते हुए कहा कि हमें भी मार डालो। लेकिन आतंकवादियों ने कहा — वापस जाओ और बाकी दुनिया को बताओ कि क्या हुआ। भारत ने उनकी चीखों को सुना है।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत ने यह फैसला लिया है कि हमारी महिलाओं के माथे का सिंदूर अब हत्यारों, अपराधियों और हमलावरों के खून के रंग से मेल खाएगा।”
गौरतलब है कि यह बयान ऐसे समय आया है जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक चरमपंथी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इस हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह प्रतिनिधिमंडल वैश्विक समुदाय को भारत के आतंकवाद के प्रति कड़े रुख और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दे रहा है।



