इंदौर। गृह निर्माण संस्थाओं से परेशान जनता को राहत दिलाने के लिए गुरुवार को कलेक्टर ऑफिस में 13 संस्थाओं की बैठक बुलाई गई थी। इसमें एडीएम नवजीवन विजय पवार ने संस्थाओं के साथ ही सहकारिता विभाग के अधिकारियों को भी चेतावनी दी। उन्होंने संस्थाओं से कहा कि दो दिन में सारे रिकॉर्ड सहकारिता विभाग में जमा हो जाना चाहिए और पेंडिग ऑडिट तुरंत होना चाहिए। जो संस्थाएं साथ नहीं देंगी उनके खिलाफ एफआईआर की जाएगी।
जनसुनवाई में काफी शिकायतें
एडीएम पवार ने गृह निर्माण संस्थाओं से कहा कि आप सभी की ऑडिट बाकी है। जनसुनवाई में आप सभी की लगातार शिकायतें आ रही हैं। यह बहुत बड़ी लापरवाही है। ऑडिट तत्काल पूरा किया जाए। एडीएम ने सहकारिता विभाग को निर्देश दिए की ऑडिट पूरा नहीं करानेवाली सारी संस्थाओं पर जुर्माना लगाया जाए।
👉 यह भी पढ़ें:
- गांधी नगर गृह निर्माण संस्था में सहकारिता विभाग का फर्जीवाड़ा जारी, जांच में दोषी पाए जाने के बाद भी मेट्रो के लिए आवंटित जमीन बेचने वालों पर अब तक कार्रवाई नहीं
- गांधी नगर गृह निर्माण संस्था में उप अंकेक्षक आशीष सेठिया और प्रबंधक फूलचंद पांडे को बचाने में जुटे सहकारिता उपायुक्त, लोकायुक्त के पत्रों का भी नहीं दे रहे जवाब
- देवी अहिल्या गृह निर्माण संस्था के संचालकों को कलेक्टर की चेतावनी-अगर 15 दिन में पात्र लोगों की सूची नहीं दी तो होगी एफआईआर
- देवी अहिल्या गृह निर्माण संस्था के संचालकों को कलेक्टर की चेतावनी-अगर 15 दिन में पात्र लोगों की सूची नहीं दी तो होगी एफआईआर
सहकारिता अधिकारियों को भी नोटिस
एडीएम ने ऑडिट पेंडिग होने पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों तथा संस्थाओं मे नियुक्त प्रशासकों पर भी नाराजगी जाहिर की। डीआर मनोज जायसवाल और एआर जीएस परिहार को शोकॉज नोटिस जारी किया गया। एडीएम ने संस्थाओं के रिकॉर्ड जमा नहीं करने तथा ऑडिट पेंडिंग होने पर डीआर, एआर को भी फटकार लगाते हुए कहा कि जब तक ऑडिट नहीं होता, तब तक आपका वेतन रोका जाएगा। एडीएम ने कहा कि कल-परसों तक सारे रिकॉर्ड आपके पास जमा हो जाने चाहिए।
एक साल के ऑडिट में 8-9 दिन लगते हैं
एडीएम ने कहा कि एक साल का ऑडिट कराने में 8-9 दिन लगते हैं। हम आपको उतना समय दे रहे हैं। सभी संस्थाएं तत्काल ऑडिट कराएं। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हाल में ऑडिट हो जाना चाहिए।
एडीएम ने दी एफआईआर की चेतावनी
एडीएम ने गृह निर्माण संस्थाओं को स्पष्ट कहा कि जो भी इस प्रक्रिया में सहयोग नहीं करेगा, उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया जाएगा। एडीएम ने ऐसी संस्थाओं को भंग कर वहां प्रशासक बिठाने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि अब सुनने-समझने का समय निकल गया है।
एडीएम ने कहा-मेरे बारे में पता कर लो
जब कुछ संस्थाओं के सदस्यों ने नियम-कायदों की बात की, तो एडीएम ने कहा कि फालतू बात मत करो। मैं तुम्हारी समस्याएं सुनने के लिए यहां नहीं बैठा हूं। मुझे जानते नहीं हो, मेरे बारे में पता कर लो। उन्होंने डीआर और एआर को भी कहा कि तुम मुझे बहुत कानून बता रहे हो। मैं तुम्हें कानून बताऊंगा तो पता चल जाएगा। विभाग में आऊं क्या?
इन संस्थाओं को बुलाया था
1.देवी अहिल्या श्रमिक कामगार संस्था
2.न्याय विभाग संस्था
3.इंदौर विकास गृह निर्माण
4.मजदूर पंचायत गृह निर्माण
5.लक्ष्मण नगर गृह निर्माण
6.सूर्या गृह निर्माण
7.मारूती गृह निर्माण
8.सन्नी को ऑपरेटिव सोसायटी
9.रजत गृह निर्माण
10.त्रिशला गृह निर्माण
11.संजना गृह निर्माण
12.श्री कृपा गृह निर्माण
13.अप्सरा गृह निर्माण



