कोलकाता। विधानसभा चुनाव के बाद से तार-तार हो रही टीएमसी को बचाने के लिए ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने एक नया दांव खेला है। उन्होंने बागी नेताओं को चुनौती दी है कि अगर वे टीएमसी में वापस आ जाते हैं तो वे एक घंटे के अंदर इस्तीफा दे देंगे।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर आज मुझे भला बुरा कह रहे हैं, या मुझपर आरोप लगा रहे हैं। उन्हें मैं चुनौती देता हूं कि वे दीदी के पास वापस आ जाएं। अगर वे ऐसा करते हैं, तो मैं एक घंटे के अंदर पार्टी से इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने बीजेपी के साथ डील की है। पार्टी छोड़ो, बागी गुट या बीजेपी में शामिल हो जाओ। ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों से सुरक्षा लो। फिर अभिषेक बनर्जी पर आरोप लगाओ। उन्हें बुरा-भला कहो।
👉 यह भी पढ़ें:
- Abhishek Banerjee : ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी को बड़ा झटका, डायमंड हार्बर में दफ्तर पर चला बुलडोजर
- Abhishek Banerjee को बड़ा झटका! MP High Court ने हटाई Arrest Warrant पर रोक, क्या अब बढ़ेंगी TMC नेता की मुश्किलें?
- टीएमएसी के बंटवारे पर अभिषेक बनर्जी भी रखेंगे अपना पक्ष, स्पीकर ओम बिरला ने 19 जून को बुलाया
- Bengal Political Storm: रात 3 बजे अभिषेक बनर्जी के घर रेड! ताला तोड़कर घुसी पुलिस? ममता बनर्जी भी तुरंत पहुंचीं
- TMC में चल रही उठापटक के बीच पहली बार बोले अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी को लेकर कह दी बड़ी बात
- ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर भड़के सांसद कल्याण बनर्जी, कहा-अभी भी पहले जैसा अहंकार
सिर्फ डरे हुए लोग ही हार मानते हैं
अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि हर किसी को अपना फैसला लेने और जहां चाहे वहां जाने का अधिकार है, लेकिन अगर कोई ईडी का समन मिलते ही पाला बदल लेता है, तो साफ है कि वे लड़ना नहीं चाहते। वे डरे हुए हैं। सिर्फ डरे हुए लोग ही हार मानते हैं।
मेरे खिलाफ 20 से 30 एफआईआर दर्ज
बनर्जी ने कहा कि मुझे भी ईडी ने समन भेजा है। मैं भागा नहीं। मुझे लगभग 10 बार बुलाया गया। सीबीआई, एसटीएफ और राज्य पुलिस ने भी मुझे समन भेजा है। मेरे खिलाफ 20-30 एफआईआर दर्ज हैं। मुझे खुद सही संख्या नहीं पता। मैंने हाईकोर्ट से अपील की है कि डीजीपी से मेरे खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर की लिस्ट मांगी जाएगी।
2024 की जीत का भी श्रेय मुझे मिलना चाहिए
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कुछ लोग 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी छोड़कर चले गए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उन्हें पार्टी की हार का जिम्मेदार ठहराया जाता है तो 2024 में पश्चिम बंगाल में टीएमसी की 29 सीटों की जीत का श्रेय भी उन्हें मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अभिषेक बनर्जी हार के लिए जिम्मेदार हैं तो फिर 2024 की जीत का श्रेय भी मुझे मिलना चाहिए। क्या मेरे विरोधी इसे स्वीकार करेंगे?
ममता बनर्जी के पास लौटने की अपील
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि अब तक करीब 60 विधायक और 20 सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मुझसे समस्या है तो मैं खुली चुनौती देता हूं। आप सभी ममता बनर्जी के पास वापस लौट आइए। आप दोपहर तीन बजे लौटिए, मैं शाम चार बजे इस्तीफा दे दूंगा। मुझे पद की नहीं, पार्टी और जनता की चिंता है।



