बिहार में रविवार को आयोजित हो रही मद्य निषेध विभाग की परीक्षा से पहले राजधानी पटना का पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए आए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया, पथराव किया और ट्रेन परिचालन बाधित कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस और चेतावनी स्वरूप फायरिंग तक करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 11:45 बजे स्टेशन पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंच गए। अभ्यर्थियों की मांग थी कि उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाई जाए। रेलवे प्रशासन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए रात करीब 2:30 बजे स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए।
👉 यह भी पढ़ें:
- झारखंड में बड़ा फैसला: 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द, JPSC-JSSC की अनियमितताओं पर सरकार सख्त
- Supreme Court ने कहा-शांतिपूर्ण प्रदर्शन मौलिक अधिकार, सिर्फ आंदोलन होने से लाठीचार्ज करना जायज नहीं
- Parliament Monsoon Session 2026: सर्वदलीय बैठक में विपक्ष का हंगामा, TMC के बागी सांसदों की मौजूदगी पर वॉकआउट; संसद में बढ़ सकता है सियासी टकराव
- Delhi Water Crisis: रेखा गुप्ता के एक बयान ने मचा दिया बवाल, विपक्ष बोला- ‘ऐसे कैसे चलेगा?’
- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने मचाया सोशल मीडिया पर तहलका, कुछ ही दिनों में लाखों लोग जुड़े
- नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर बवाल: सड़कों पर उतरे कर्मचारी, आगजनी और जाम से जनजीवन प्रभावित
रेल अधिकारियों के मुताबिक, करीब 200-250 लोगों की भीड़ रेलवे ट्रैक पर बैठ गई और ट्रेनों का संचालन रोक दिया। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भीड़ को हटाने की कोशिश की।
IG जितेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन कुछ उपद्रवी तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बल प्रयोग करना पड़ा। घटना में कई पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को मामूली चोटें भी आईं।
वहीं पटना डीएम डॉ. थियागराजन ने कहा कि प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की थी। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और अन्य अभ्यर्थियों को भी परीक्षा के लिए रवाना होने से रोका।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। रेलवे ट्रैक खाली करा लिए गए हैं, स्पेशल ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। परीक्षा देने वाले अधिकांश अभ्यर्थी अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हुए ।



