भोपाल। मॉडल एवं एक्टर ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में गिरफ्तार सास गिरिबाला सिंह को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में सख्त एक्शन हुआ है। रविवार को महानिदेशक जेल के निर्देश पर डीआईजी जेल संजय पाण्डेय ने भोपाल केंद्रीय जेल का औचक निरीक्षण किया था। इसके बाद गिरिबाला सिंह की बैरक की सुरक्षा प्रभारी डिप्टी जेलर जया यादव को रविवार शाम पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर एक महिला मेट्रन (वार्डन) की नियुक्ति की गई है। दो और अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
निरीक्षण में मिली गड़बड़ियां
डीआईजी जेल संजय पाण्डेय ने निरीक्षण के दौरान पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान गिरिबाला सिंह को 2 जून को जेल भेजे जाने के बाद शुरुआती दिनों में मिली सुविधाओं को लेकर सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरियों एवं अधिकारियों से पूछताछ की गई। साथ ही ट्विशा के पति समर्थ सिंह की सुरक्षा और सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। जांच में सामने आया कि 2 जून की रात सामान्य व्यवस्थाएं थीं, लेकिन 3 और 4 जून को गिरिबाला सिंह को ब्लैक कॉफी सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद उम्र का हवाला देकर स्वास्थ्य परीक्षण की मांग की गई और उन्हें महिला बैरक स्थित अस्पताल वार्ड में भर्ती कर दिया गया। जबकि समर्थ सिंह पैर में चोट के कारण पहले से ही पुरुष बैरक के बी-खंड स्थित अस्पताल वार्ड में भर्ती थे और उन्हें न्यायालय के निर्देशानुसार चिकित्सकीय सुविधा दी जा रही थी।
👉 यह भी पढ़ें:
- ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ की 14 दिन की न्यायिक हिरासत मिली, सीबीआई ने कई दिनों तक की है पूछताछ
- ट्विशा शर्मा केस में सीबीआई का बड़ा एक्शन, सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, रद्द हो गई थी अग्रिम जमानत
- ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़: हाई कोर्ट ने सास की अग्रिम जमानत रद्द की, CBI कार्रवाई का रास्ता साफ
- ट्विशा शर्मा के पति से पूछताछ में होंगे कई खुलासे, पुलिस को मिली 7 दिन की रिमांड, पासपोर्ट होगा जब्त
बिना किसी गंभीर बीमारी के अस्पताल वार्ड में भेजा
बताया जाता है कि गिरिबाला सिंह को किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बिना केवल उम्र अधिक होने के आधार पर अस्पताल वार्ड में शिफ्ट किया जाना जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही माना गया है। डीआईजी जेल के निरीक्षण के बाद गिरिबाला सिंह की बैरक की सुरक्षा प्रभारी डिप्टी जेलर जया यादव को रविवार शाम पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर एक महिला मेट्रन (वार्डन) की नियुक्ति की गई है।
दो और पर कार्रवाई की तैयारी
डीआईजी जेल संजय पाण्डेय ने गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को जेल में मिली सुविधाओं तथा कथित वीआईपी ट्रीटमेंट संबंधी जांच रिपोर्ट तैयार कर महानिदेशक जेल वरुण कपूर को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, एक अन्य डिप्टी जेलर सहित दो अधिकारियों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। इनमें एक अधिकारी का प्रभार बदला जा सकता है, जबकि दूसरे का भोपाल केंद्रीय जेल से तबादला किया जा सकता है।


